उत्तर प्रदेशमेरठराजनीतिराज्य

मेरठ से आप सांसद संजय सिंह ने किया पदयात्रा का शुभारंभ

देश किसी बाबा के फरमान से नहीं, बाबा साहब के संविधान से चलेगा : संजय सिंह

मेरठ। आम आदमी पार्टी उत्तर प्रदेश प्रभारी और राज्यसभा सांसद संजय सिंह ने क्रांति की धरती मेरठ के कमिश्नरी पार्क से ‘रोजगार दो-सामाजिक न्याय दो’ पदयात्रा के पांचवें चरण का शुभारंभ किया। शहीदों को नमन करने और पूर्व प्रधानमंत्री चौधरी चरण सिंह की प्रतिमा पर माल्यार्पण के बाद शुरू हुई 16 से 20 मई तक मेरठ से गाजियाबाद तक चलने वाली इस पदयात्रा की शुरुआत एक विशाल जनसभा से हुई। जहां जगह-जगह लोगों ने सांसद संजय सिंह का फूल-मालाओं और पुष्प वर्षा कर भव्य स्वागत किया।

भाजपा शासित राज्यों में पेपर लीक की घटनाएं
जनसभा को संबोधित करते हुए संजय सिंह ने कहा कि भाजपा शासित राज्यों में लगातार पेपर लीक की घटनाओं ने करोड़ों युवाओं का भविष्य बर्बाद कर दिया है। उन्होंने कहा कि नीट समेत अब तक 93 पेपर लीक हो चुके हैं, जिससे करीब 4 करोड़ अभ्यर्थी प्रभावित हुए हैं और उनके परिवारों को जोड़ लें तो लगभग 20 करोड़ लोगों के सपनों पर भाजपा सरकार ने चोट पहुंचाई है। उन्होंने कहा कि यह पदयात्रा युवाओं के रोजगार, सरकारी नौकरियों, रेडी-पटरी वालों, ठेला चालकों, छोटे व्यापारियों और बुलडोजर की कार्रवाई से उजाड़े जा रहे लोगों की आवाज उठाने के लिए निकाली गई है।

बेरोजगार युवाओं से पदयात्रा से जुड़ने की अपील
संजय सिंह ने आशा बहुओं, शिक्षामित्रों, रोजगार सेवकों और बेरोजगार युवाओं से इस पदयात्रा से जुड़ने की अपील करते हुए कहा कि रोजगार की लड़ाई हर उस व्यक्ति की लड़ाई है जिसका हक छीना जा रहा है। उन्होंने कहा कि प्रयागराज, काशी, अयोध्या, लखनऊ, मेरठ और गाजियाबाद समेत कई शहरों में हजारों छोटे व्यापारियों और गरीबों को उजाड़ा गया, लेकिन सरकार ने उनकी सुध नहीं ली।

दलित उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही
सामाजिक न्याय के मुद्दे पर संजय सिंह ने कहा कि आज भी देश में जाति के आधार पर भेदभाव और दलित उत्पीड़न की घटनाएं लगातार सामने आ रही हैं। उन्होंने कहा कि कहीं दलितों को घोड़ी पर नहीं चढ़ने दिया जाता, तो कहीं मंदिर की सीढ़ियों पर अपमानित किया जाता है। उन्होंने कहा कि बाबा साहब डॉ. भीमराव अंबेडकर का संविधान हर नागरिक को सम्मान और बराबरी का अधिकार देता है और आम आदमी पार्टी इसी संवैधानिक अधिकार की लड़ाई लड़ रही है।

80 करोड़ लोग पांच किलो राशन पर जीवन चला रहे
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी द्वारा देशवासियों से एक वर्ष तक सोना न खरीदने की अपील पर निशाना साधते हुए संजय सिंह ने कहा कि आज डेढ़ लाख रुपये तोला सोना हो चुका है और 80 करोड़ लोग पांच किलो राशन पर जीवन चला रहे हैं, ऐसे में आम आदमी सोना खरीदेगा कैसे। उन्होंने कहा कि सबसे ज्यादा सोना प्रधानमंत्री मोदी के मित्रों के पास मिलेगा। नीरव मोदी और मेहुल चौकसी जैसे लोग हजारों करोड़ रुपये लेकर विदेश भाग गए, लेकिन सरकार ने उनके खिलाफ ठोस कार्रवाई नहीं की।

प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी
प्रधानमंत्री मोदी की विदेश यात्राओं पर टिप्पणी करते हुए संजय सिंह ने कहा कि देश की जनता महंगे पेट्रोल-डीजल और बेरोजगारी से परेशान है, लेकिन प्रधानमंत्री पांच देशों की यात्रा पर निकल गए हैं। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री मोदी को हिंदुस्तान के मुसलमानों से परहेज है, लेकिन विदेशों में मुस्लिम देशों के नेताओं को गले लगाने में कोई दिक्कत नहीं होती।

पदयात्रा के दौरान ये रहे मौजूद
इस दौरान आम आदमी पार्टी दिल्ली के विधायक एवं यूपी सह प्रभारी सुरेंद्र चौधरी, विधायक एवं यूपी सह प्रभारी अनिल झा, पश्चिम प्रांत अध्यक्ष सोमेंद्र ढाका,प्रांत महासचिव मनीष सिंह, महिला अध्यक्ष नीलम यादव, यूथ अध्यक्ष पंकज अवाना. मुजफ्फर नगर जिलाध्यक्ष अरविंद बाल्यान,निवर्तमान प्रदेश अध्यक्ष सभाजीत, जिलाध्यक्ष अकुंश चौधरी, प्रदेश प्रवक्ता वंशराज दुबे आदि मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button