मनोरंजन

मशहूर अभिनेत्री निम्मी का निधन


मुंबई। ‘‘आन’’,‘‘ बरसात’’और ‘‘दीदार’’ जैसी हिंदी फिल्मों में काम कर चुकी 1950 और 60 के दशक की मशहूर अभिनेत्री निम्मी का बुधवार को लंबी बीमारी के बाद निधन हो गया। वह 88 वर्ष की थी। उनके परिवार के सूत्रों ने बताया कि अभिनेत्री को सांस लेने में दिक्कत होने के बाद उपनगरीय जुहू अस्पताल में भर्ती कराया गया था। उनकी शाम को मृत्यु हुई।

निम्मी का बृहस्पतिवार को मुंबई में अंतिम संस्कार किया जायेगा। उनका असली नाम नवाब बानो था और निम्मी नाम फिल्म निर्माता राज कपूर ने दिया था जिन्होंने एक अंदाज फिल्म के सेट पर एक शर्मीली किशोरी के रूप में निम्मी को पहली बार देखा।

वैलेटाइंस दिन के ठीक चार दिन बाद पैदा हुईं नवाब बानो का हिंदी फिल्मों आना भी इत्तेफाक रहा। उनकी मां वहीदन तब तक हिंदी सिनेमा में काफी शोहरत हासिल कर चुकी थीं। उनका तमाम बड़े निर्माताओं से मिलना जुलना था। नवाब बानो का नाम बदलकर निम्मी, राजकपूर ने किया। अगर फिल्म बरसात में तब तक नरगिस का नाम वह पक्का न कर चुके होते तो राजकपूर ने एक बारगी निम्मी को फिल्म बरसात की हीरोइन बनाने पर भी सोच विचार किया था।
फिल्म बरसात में ब्रेक पाने के बाद निम्मी ने आन, उड़न खटोला, भाई भाई, कुंदन, मेरे महूबब जैसी तमाम ट्रेंडसेटर फिल्मों में काम किया। निम्मी के भाई के दामाद और फिल्म निर्माता कलीम खान इस बारे में बताते हैं, “निम्मी आंटी बहुत ही सहज और सरल महिला थीं। उनका हमारे घर और हमारा उनके घर अक्सर आना जाना था। मेरी पत्नी की वह बुआ हैं और मुझे बिल्कुल अपने बेटा जैसा ही मानती थीं।”

जन्म के बाद निम्मी का काफी वक्त रावलपिंडी के पास ऐबटाबाद में बीता। बंटवारे के वक्त जब निम्मी की नानी बंबई आईं तो वह भी उनके साथ यहीं चली आईं। निम्मी की मौसी भी फिल्मों ज्योति के नाम से काम किया करती थीं और उनकी शादी मशहूर संगीतकार, गायक व अभिनेता जी एम दुर्रानी से हुई थी। निम्मी की शादी मशहूर लेखक एस अली रजा से हुई और ये शादी करवाने में मशहूर अभिनेता मुकरी का बड़ा हाथ रहा।

Related Articles

Back to top button