BREAKING NEWSPolitical News - राजनीतिState News- राज्यTOP NEWSउत्तर प्रदेशफीचर्ड

भाजपा राज में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सबसे ज्यादा आघात हुआ: अखिलेश यादव

भाजपा राज में अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सबसे ज्यादा आघात हुआ: अखिलेश यादव

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष एवं पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा है कि आज के ही दिन 26 नवम्बर 1949 को ‘सम्पूर्ण प्रभुत्व सम्पन्न, समाजवादी, पंथनिरपेक्ष, लोकतंत्रात्मक गणराज्य’ का संविधान अंगीकृत और आत्मार्पित किया गया था।

संविधान निर्माता बाबा साहेब डॉ0 भीमराव अम्बेडकर ने तब यह चेतावनी दी थी कि संविधान के प्रयोग में नीति और नीयत की भी अहम भूमिका होगी। ऐसे में यह आवश्यक है कि लोकतंत्रात्मक गणराज्य भारत में सत्ता के शीर्ष में बैठे लोगों की लोकतंत्र में अटूट निष्ठा होनी चाहिए।

अखिलेश ने कहा, लोकतंत्र लोकलाज से चलता है, यह बात भुलाई नहीं जा सकती। संविधान उद्देशिका में जिस सामाजिक न्याय, राष्ट्रीय एकता एवं विचार अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता का जिक्र है उन सबकी भाजपा राज में अनदेखी हो रही है।

यह भी पढ़े:- प्रदेश में पिछले 24 घंटे में कोरोना सेे संक्रमित 2237 नये मामले आये सामने 

समाजवादी पार्टी बराबर यह मांग उठाती रही है कि जाति आधारित जनगणना हो ताकि हर समाज को संख्या बल पर सानुपातिक प्रतिनिधित्व हासिल हो सके। भाजपा इसके विरोध में है क्योंकि वह आरक्षण समाप्त करना चाहती है।

असहमति को देशद्रोह का तमगा दिया जाने लगा: सपा प्रमुख

पूर्व मुख्यमंत्री अखिलेश यादव ने कहा, अभिव्यक्ति की स्वतंत्रता पर सबसे ज्यादा आघात भाजपा राज में हुआ है। असहमति को देशद्रोह का तमगा दिया जाने लगा है। बच्चों को मिड-डे-मील में नमक-रोटी दिए जाने का सच दिखाने पर पत्रकार को जेल भेजा जाता है।

सच लिखने पर पत्रकारों की जानें तक गई है। सरकार का रवैया एकपक्षीय रूप से समाज के कमजोर वर्ग पर हमलावर जैसा है। उपासना और धार्मिक विश्वासों पर चोट की जा रही है। भाजपा समाज में कटुता और वैमनस्य बो रही है। उससे संविधान की प्रतिष्ठा और सुरक्षा की उम्मीद कैसे की जा सकती है?

ऐसे में लोकतंत्र के सामने खतरा विद्यमान है। संविधान का पाठन और पालन दोनों होगा तभी उसकी सार्थकता हो सकेगी! भारत के लोगों को संकल्प लेना है कि वह संविधान को बचाने को सतर्क और सजग हो जायें।

देश दुनिया की ताजातरीन सच्ची और अच्छी खबरों को जानने के लिए बनें रहेंwww.dastaktimes.org के साथ। हमें फेसबुक पर फॉलों करने के लिए https://www.facebook.com/dastak.times.9 और ट्विटर पर फॉलो करने के लिए @TimesDastak पर क्लिक करें। साथ ही देश और प्रदेश की बड़ी और चुनिंदा खबरों के ‘न्यूज़वीडियो’ आप देख सकते हैं हमारे youtube चैनल https://www.youtube.com/c/DastakTimes/videos पर। तो फिर बने रहिये www.dastaktimes.org के साथ और खुद को रखिये लेटेस्ट खबरों से अपडेटेड।

Related Articles

Back to top button