झारखंड में तेज गर्मी का अलर्ट: 40 के पार जाएगा पारा, पलामू में 42.6 डिग्री दर्ज; संताल परगना में राहत के संकेत

झारखंड में मौसम ने अचानक करवट ली है और गर्मी ने अपने तेवर दिखाने शुरू कर दिए हैं। राजधानी रांची समेत राज्य के अधिकांश हिस्सों में दिन के समय तेज धूप और बढ़ती तपिश लोगों के लिए परेशानी का कारण बन रही है। पलामू क्षेत्र में तो भीषण गर्मी ने दस्तक दे दी है, जहां तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस तक पहुंच चुका है। तेज धूप के साथ गर्म हवाएं भी चल रही हैं, जिससे गर्मी का असर और बढ़ गया है। हालांकि संताल परगना के कुछ जिलों में गुरुवार से आंशिक राहत मिलने की संभावना जताई गई है, जहां बादल छाने और कहीं-कहीं हल्की बारिश होने का पूर्वानुमान है।
अगले पांच दिनों में और चढ़ेगा पारा, हीट वेव की आशंका
मौसम विभाग के अनुसार, आने वाले पांच दिनों में अधिकतम तापमान में 3 से 4 डिग्री सेल्सियस तक बढ़ोतरी हो सकती है। इसके चलते राज्य के कई हिस्सों में हीट वेव चलने की संभावना जताई गई है। अनुमान है कि तापमान 41 से 45 डिग्री सेल्सियस के बीच पहुंच सकता है, जिससे आम जनजीवन प्रभावित हो सकता है।
पलामू सबसे गर्म, जमशेदपुर और रांची में भी बढ़ी तपिश
तापमान के आंकड़ों पर नजर डालें तो मेदिनीनगर में अधिकतम तापमान 42.6 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो राज्य में सबसे अधिक रहा। जमशेदपुर में अधिकतम तापमान 40.2 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड किया गया। वहीं रांची में अधिकतम तापमान 37.8 डिग्री और न्यूनतम 19.9 डिग्री सेल्सियस दर्ज हुआ। पिछले 24 घंटों में रांची में तापमान में 2 डिग्री और मेदिनीनगर में 3 डिग्री की बढ़ोतरी हुई है। जमशेदपुर का न्यूनतम तापमान 24.4 डिग्री सेल्सियस रहा, जो राज्य में सबसे ज्यादा है। फिलहाल अधिकतम और न्यूनतम दोनों तापमान सामान्य से 1 से 3 डिग्री अधिक चल रहे हैं।
इस मौसमीय सिस्टम के कारण बदल रहा है मौसम
मौसम वैज्ञानिकों के मुताबिक, बिहार से मणिपुर तक फैला निम्न दबाव क्षेत्र पश्चिम बंगाल के गांगेय इलाके और बांग्लादेश के ऊपर बने साइक्लोनिक सर्कुलेशन से होकर गुजर रहा है। इसी वजह से संताल परगना के आसपास के इलाकों में बादल छाने के आसार हैं। इसके विपरीत राज्य के बाकी हिस्सों में आसमान साफ रहने से तेज धूप पड़ रही है, जिससे गर्मी में लगातार इजाफा हो रहा है।
मौसम वैज्ञानिक अभिषेक आनंद के अनुसार, रांची समेत पूरे झारखंड में फिलहाल आसमान साफ है और धूप तेज है। गर्म हवाओं के कारण तापमान में और बढ़ोतरी हो रही है। अगले पांच दिनों तक गर्मी से राहत मिलने के आसार कम हैं।



