
चंडीगढ़: पंजाब इस साल भारतीय हॉकी के इतिहास में नया अध्याय जोड़ने जा रहा है। राज्य पहली बार प्रतिष्ठित एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी की मेजबानी करेगा। अक्टूबर में होने वाले इस अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट को लेकर तैयारियां तेज हो गई हैं। मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने आयोजन को लेकर इंडियन हॉकी फेडरेशन को हरसंभव सहयोग देने का भरोसा दिया है।
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने ‘हॉकी इंडिया’ के पदाधिकारियों के साथ बैठक के दौरान कहा कि पंजाब हमेशा से हॉकी की नर्सरी रहा है और इस तरह के बड़े अंतरराष्ट्रीय टूर्नामेंट की मेजबानी राज्य के युवाओं को खेलों के प्रति और अधिक प्रेरित करेगी। उन्होंने कहा कि सरकार खिलाड़ियों और अधिकारियों के लिए विश्वस्तरीय सुविधाएं, मजबूत सुरक्षा व्यवस्था और हर जरूरी सहयोग सुनिश्चित करेगी।
एशियाई खेलों के बाद भिड़ेंगी शीर्ष छह टीमें
मुख्यमंत्री ने जानकारी देते हुए बताया कि एशियाई खेल 3 और 4 अक्टूबर को समाप्त होंगे, जिसके बाद शानदार प्रदर्शन करने वाली शीर्ष छह हॉकी टीमें एशियन हॉकी चैंपियंस ट्रॉफी में हिस्सा लेंगी। उन्होंने कहा कि इस प्रतिष्ठित टूर्नामेंट की मेजबानी मिलना पंजाब के लिए बड़ी उपलब्धि है।
भगवंत मान ने कहा कि लंबे समय से पंजाब ने देश को कई बेहतरीन हॉकी खिलाड़ी दिए हैं, लेकिन इसके बावजूद राज्य को कभी किसी बड़े अंतरराष्ट्रीय हॉकी टूर्नामेंट की मेजबानी का अवसर नहीं मिला। उन्होंने कहा कि अक्टूबर में होने वाला यह आयोजन उस लंबे इंतजार को खत्म करेगा और पंजाब में खेल संस्कृति के नए दौर की शुरुआत करेगा।
मोहाली और जालंधर में होंगे मुकाबले
मुख्यमंत्री ने बताया कि टूर्नामेंट के मुकाबले मोहाली स्थित बलबीर सिंह सीनियर हॉकी स्टेडियम और जालंधर के सुरजीत हॉकी स्टेडियम में खेले जाएंगे। उन्होंने कहा कि इस आयोजन की सफल मेजबानी से विश्व खेल मानचित्र पर पंजाब की पहचान और मजबूत होगी।
मुख्यमंत्री ने यह भी खुलासा किया कि पंजाब को ‘चार देशीय टूर्नामेंट’ के रूप में एक और अंतरराष्ट्रीय खेल आयोजन की मंजूरी मिली है, जिससे राज्य में हॉकी और खेल गतिविधियों को नया बढ़ावा मिलेगा।
‘रंगला पंजाब’ के लिए खेलों को बनाया जाएगा ताकत
मुख्यमंत्री भगवंत सिंह मान ने प्रदेशवासियों और खेल प्रेमियों से खेलों के माध्यम से ‘रंगला पंजाब’ के निर्माण में भागीदारी निभाने की अपील की। उन्होंने कहा कि यह आयोजन राज्य के प्राचीन खेल गौरव को फिर से स्थापित करने में अहम भूमिका निभाएगा।
मुख्यमंत्री ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर भी बैठक की जानकारी साझा करते हुए लिखा कि पंजाब सरकार इस वैश्विक प्रतियोगिता को सफल बनाने और खिलाड़ियों को हर संभव सुविधा देने के लिए पूरी तरह प्रतिबद्ध है।



