बिहारराज्य

बांकीपुर उपचुनाव: सीएम सम्राट चौधरी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन का शक्ति प्रदर्शन, भव्य रोड शो में उमड़ी भीड़

पटना: बांकीपुर विधानसभा उपचुनाव को लेकर भारतीय जनता पार्टी ने चुनाव प्रचार में पूरी ताकत झोंक दी है। सोमवार को पार्टी प्रत्याशी नीरज कुमार के समर्थन में मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन की अगुवाई में भव्य रोड शो निकाला गया। रोड शो के जरिए भाजपा ने चुनाव से पहले अपनी संगठनात्मक ताकत और जनसंपर्क अभियान का जोरदार प्रदर्शन किया।

भट्टाचार्या मोड़ से मोना सिनेमा तक निकला रोड शो

रोड शो की शुरुआत भट्टाचार्या मोड़ से हुई, जो उमा सिनेमा, बुद्ध मूर्ति, कदमकुआं वेडिंग जोन, नाला रोड, ठाकुरबाड़ी, रूपक सिनेमा और उद्योग भवन होते हुए मोना सिनेमा तक पहुंचा। तय समय से पहले ही बड़ी संख्या में कार्यकर्ता और समर्थक सड़कों पर जुट गए थे। शाम करीब पांच बजे मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन और अन्य वरिष्ठ नेता चुनावी रथ पर सवार होकर रोड शो में शामिल हुए।

वरिष्ठ नेताओं ने मांगा नीरज कुमार के लिए समर्थन

चुनावी रथ पर मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मंत्री श्रवण कुमार, प्रदेश अध्यक्ष संजय सरावगी, सांसद रविशंकर प्रसाद, विधायक मंगल पांडेय सहित कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। सभी नेताओं ने हाथ हिलाकर लोगों का अभिवादन किया और भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार के पक्ष में मतदान की अपील की।

ढोल-नगाड़ों और नारों से गूंजा पूरा इलाका

रोड शो के दौरान भाजपा समर्थकों में खासा उत्साह देखने को मिला। ढोल-नगाड़ों और नारों के बीच पूरा मार्ग भाजपा के झंडों से पटा नजर आया। बड़ी संख्या में लोग सड़क किनारे खड़े होकर नेताओं का स्वागत करते रहे, जबकि कई समर्थकों ने छतों और बालकनियों से रोड शो के दृश्य अपने मोबाइल फोन में रिकॉर्ड किए।

रास्ते भर पुष्पवर्षा और जनसंपर्क अभियान

रोड शो के दौरान मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और भाजपा अध्यक्ष नितिन नबीन ने चुनावी रथ से समर्थकों पर पुष्पवर्षा की। वहीं मंत्री रामकृपाल यादव, विधायक संजीव चौरसिया, संजय गुप्ता, एमएलसी संजय मयूख समेत कई नेता सड़क पर लोगों से सीधे संपर्क कर भाजपा उम्मीदवार के समर्थन में मतदान की अपील करते नजर आए।

जनसभा के साथ प्रचार अभियान का समापन

रोड शो का समापन मोना सिनेमा के पास आयोजित जनसभा के साथ हुआ। सभा को मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी, भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष नितिन नबीन, मंत्री श्रवण कुमार, सांसद रविशंकर प्रसाद सहित कई नेताओं ने संबोधित किया। वक्ताओं ने बांकीपुर की जनता से भाजपा प्रत्याशी नीरज कुमार को विजयी बनाने की अपील करते हुए विकास और संगठन की मजबूती को चुनाव का प्रमुख मुद्दा बताया।

Related Articles

Back to top button