‘अपनी संस्कृति पर गर्व करें, विरासत से ही विकास की नई ऊंचाइयां मिलेंगी’, भोजपाल गरबा महोत्सव में बोले CM मोहन यादव

भोपाल: मध्य प्रदेश के मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव ने कहा कि भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करना चाहिए। अपनी जड़ों और विरासत से जुड़े रहकर ही समाज विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंच सकता है। उन्होंने कहा कि भारतीय संस्कृति में कन्या पूजन और देवी पूजन की अनूठी परंपराएं हैं, जिनमें नारी के कन्या रूप और मातृशक्ति स्वरूप की आराधना की जाती है। शक्ति की भक्ति में ही सबका कल्याण है। मुख्यमंत्री गुरुवार को भोपाल के जंबूरी मैदान में आयोजित भोजपाल गरबा महोत्सव को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने दीप प्रज्ज्वलित कर महोत्सव के रात्रिकालीन आयोजन का शुभारंभ किया।
‘विरासत से विकास’ सरकार का मूल ध्येय
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि समाज ने जब भी अपनी संस्कृति और विरासत को सहेजकर रखा है, तब उसने विकास की नई ऊंचाइयां हासिल की हैं। आधुनिकता और विकास के साथ अपनी सांस्कृतिक जड़ों से जुड़े रहना भी जरूरी है। उन्होंने कहा कि राज्य सरकार सांस्कृतिक विरासत को संरक्षित करते हुए विकास की दिशा में आगे बढ़ रही है। विरासत से विकास ही सरकार का मूल ध्येय है।
शक्ति की उपासना से मिलती है नई ऊर्जा
मुख्यमंत्री ने सभी प्रदेशवासियों को नवरात्रि की शुभकामनाएं देते हुए कहा कि मां दुर्गा सर्वकल्याणकारी हैं और भक्तों के दुख दूर करती हैं। माता की आराधना से नई ऊर्जा मिलती है। उन्होंने कहा कि गरबा शक्ति की उपासना से मिलने वाली शांति, खुशी और उल्लास को व्यक्त करने का सहज माध्यम है।
डॉ. यादव ने लोगों से संकल्प लेने का आह्वान किया कि वे समाज में सद्भाव बढ़ाएं, महिलाओं का सम्मान करें, गरीबों और जरूरतमंदों के जीवन में खुशियां लाएं तथा विकसित मध्य प्रदेश के निर्माण में अपनी भूमिका निभाएं।
गरबा महोत्सव सामाजिक एकता और उत्साह का प्रतीक
मुख्यमंत्री ने कहा कि नवरात्रि का पर्व भारतीय संस्कृति और परंपराओं पर गर्व करने का अवसर देता है। ऋषि-मुनियों के समय से ही भारतीय त्योहार विशेष संदेश देते आए हैं। गरबा महोत्सव में उल्लास और उत्साह के साथ बड़ी संख्या में लोग भाग ले रहे हैं और यह आयोजन लगातार भव्य होता जा रहा है।
उन्होंने कहा कि ऐसे आयोजन लोगों को मिल-जुलकर त्योहार मनाने के साथ खेल और शारीरिक गतिविधियों को जीवन का हिस्सा बनाने के लिए भी प्रेरित करते हैं। सरकार का प्रयास है कि मकर संक्रांति पर पतंग उत्सव, सर्दियों में भोपाल उत्सव और जन्माष्टमी सहित सभी पर्व सामूहिक उत्साह के साथ मनाए जाएं।
2047 तक भारत को हर क्षेत्र में नंबर वन बनाने का लक्ष्य
मुख्यमंत्री डॉ. यादव ने कहा कि मां दुर्गा के नौ स्वरूप शक्ति, साहस और पराक्रम का संदेश देते हैं। उन्होंने कामना की कि भारत इतना सशक्त बने कि विश्व में उसकी संस्कृति, सामर्थ्य और गौरव का परचम हमेशा ऊंचा रहे।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व में भारत का मान-सम्मान पूरी दुनिया में स्थापित हुआ है, जो सभी देशवासियों के लिए गर्व का विषय है। मुख्यमंत्री ने उम्मीद जताई कि वर्ष 2047 तक, जब देश स्वतंत्रता के 100 वर्ष पूरे करेगा, तब भारत हर क्षेत्र में अग्रणी और दुनिया में नंबर वन बनेगा।
तीन साल से आयोजित हो रहा भोजपाल गरबा महोत्सव
कार्यक्रम में भोजपाल महोत्सव मेला समिति के संयोजक विकास वीरानी, समिति के अध्यक्ष सुनील यादव और अमन यादव ने मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव का स्वागत किया। समिति की ओर से पिछले तीन वर्षों से लगातार भोजपाल गरबा महोत्सव का आयोजन किया जा रहा है।



