
ममता बनर्जी से मुलाकात से पहले अखिलेश यादव का हमला, चुनाव प्रक्रिया पर उठाए सवाल; 2022 और 2024 का किया जिक्र
लखनऊ, 06 मई 2026। पश्चिम बंगाल चुनाव नतीजों के बाद तृणमूल कांग्रेस प्रमुख ममता बनर्जी से मुलाकात से पहले समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने उत्तर प्रदेश की राजनीति में हलचल तेज कर दी है। बुधवार को लखनऊ स्थित पार्टी मुख्यालय में आयोजित प्रेस वार्ता में उन्होंने भारतीय जनता पार्टी पर चुनाव प्रक्रिया को प्रभावित करने के गंभीर आरोप लगाए।
2022 के चुनाव का हवाला, कन्नौज की छिबरामऊ सीट का किया जिक्र
अखिलेश यादव ने कहा कि जो आरोप आज पश्चिम बंगाल में लगाए जा रहे हैं, वैसा ही अनुभव समाजवादी पार्टी को 2022 के उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव में कन्नौज की छिबरामऊ सीट पर हुआ था। उन्होंने दावा किया कि चुनाव परिणामों को लेकर उस समय भी कई सवाल खड़े हुए थे।
2024 लोकसभा चुनाव और कार्यकर्ताओं का जिक्र
उन्होंने 2024 के लोकसभा चुनाव का जिक्र करते हुए कहा कि उस दौरान ‘करो या मरो’ का नारा दिया गया था। उन्होंने पार्टी कार्यकर्ताओं को धन्यवाद देते हुए कहा कि उनके डटे रहने के कारण भाजपा को केंद्र में पूर्ण बहुमत नहीं मिल सका। साथ ही उन्होंने यूपी के उपचुनावों में कुंदरकी, मिल्कीपुर सहित अन्य सीटों पर वोटों की धांधली के आरोप भी लगाए।
चुनावी पारदर्शिता पर सवाल, मतगणना लाइव करने की मांग
अखिलेश यादव ने चंडीगढ़ मेयर चुनाव का हवाला देते हुए चुनावी पारदर्शिता पर सवाल उठाए। उन्होंने कहा कि जब न्यायालय की कार्यवाही लाइव हो सकती है, तो मतगणना प्रक्रिया को भी लाइव किया जाना चाहिए। उन्होंने मांग की कि इस मामले में सर्वोच्च न्यायालय संज्ञान लेकर पश्चिम बंगाल की मतगणना की सीसीटीवी फुटेज सार्वजनिक करे।
‘डेमोक्रेटिक क्राइम गैंग’ का आरोप, अधिकारियों पर भी निशाना
सपा प्रमुख ने आरोप लगाया कि चुनावों में एक संगठित गिरोह की तरह काम हो रहा है, जिसमें कुछ अधिकारी और प्रभावशाली लोग शामिल हैं। उन्होंने दावा किया कि कई जगह मतगणना को प्रभावित किया जाता है और परिणाम पहले से तय किए जाते हैं। उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि उत्तर प्रदेश से अधिकारियों को पश्चिम बंगाल भेजा गया।
2027 को लेकर जताया भरोसा, पीडीए की जीत का दावा
अखिलेश यादव ने विश्वास जताया कि वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में पीडीए (पिछड़ा, दलित, अल्पसंख्यक) को ऐतिहासिक जीत मिलेगी। उन्होंने कहा कि जनता खुद चुनाव लड़ेगी और बदलाव लाएगी।
आई-पैक से दूरी बनाने का ऐलान
प्रेस वार्ता के दौरान उन्होंने यह भी स्पष्ट किया कि अब उनकी पार्टी आई-पैक के साथ काम नहीं कर रही है। उन्होंने इसका कारण संसाधनों की कमी बताया।
ममता बनर्जी से करेंगे मुलाकात
अखिलेश यादव ने कहा कि वह जल्द ही पश्चिम बंगाल जाकर ममता बनर्जी से मुलाकात करेंगे। उन्होंने यह भी कहा कि इंडिया गठबंधन और समाजवादी पार्टी का सहयोग आगे भी जारी रहेगा।



