टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

टोक्यो पैरालिंपिक में भाविना पटेल ने भारत को दिलाया पहला पदक, राष्ट्रपति, उपराष्ट्रपति और प्रधानमंत्री ने दी बधाई

नई दिल्ली। भाविना पटेल ने रविवार को टोक्यो पैरालिंपिक की टेबल टेनिस स्पर्धा में भारत को पहला पदक दिलाया। खेल दिवस के मौके पर भारत की बेटी की इस कामयाबी पर राष्ट्रपति राम नाथ कोविन्द, उपराष्ट्रपति एम वेंकैया नायडू और प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी सहित तमाम नेताओं ने बधाई दी है।

भाविना पटेल को टोक्यो पैरालिंपिक की टेबल टेनिस क्लास 4 स्पर्धा के महिला एकल फाइनल में चीन की झाउ यिंग के खिलाफ 7-11, 5-11, 6-11 की शिकस्त के साथ रजत पदक से संतोष करना पड़ा। अपने पहले ही पैरालंपिक में भाविना रजत पदक जीतने में कामयाब रहीं। भारत की ओर से टेबल टेनिस में पैरालिंपिक में पदक जीतने वाली वह पहली खिलाड़ी बन गई हैं। भाविना के पिता गुजरात के मैहसाणा में परचून की दुकान चलाते हैं।

राष्ट्रपति कोविन्द ने ट्वीट कर कहा, भाविना पटेल ने पैरालिंपिक में रजत पदक जीत कर भारतीय दल और खेलप्रेमियों को प्रेरित किया है। आपके असाधारण दृढ़ संकल्प और कौशल ने भारत को गौरवान्वित किया है। इस असाधारण उपलब्धि पर आपको मेरी बधाई।

उपराष्ट्रपति नायडू ने ट्वीट कर कहा, टोक्यो पैरालंपिक्स में महिला टेबल टेनिस में रजत पदक जीतने पर भाविना पटेल को हार्दिक बधाई। आपकी सफलता भारतीय दल और देश की युवा प्रतिभाओं को प्रोत्साहित करेगी। भावी सफलताओं के लिए हार्दिक शुभकामनाएं। प्रधानमंत्री मोदी ने ट्वीट कर कहा, असाधारण भाविना पटेल ने इतिहास रच दिया। वह एक ऐतिहासिक रजत पदक घर ला रही हैं। उसके लिए उन्हें बधाई। उनकी जीवन यात्रा प्रेरित करने वाली है और अधिक युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करेगी।

Related Articles

Back to top button