हरियाणा

हाईवे पर बड़ा हादसा! कांग्रेस सांसद जयप्रकाश की कार से टकराया सांड, एयरबैग ने बचाई जान

जींद: हरियाणा के हिसार से कांग्रेस सांसद और पूर्व केंद्रीय मंत्री जयप्रकाश जेपी शुक्रवार को एक सड़क हादसे में बाल-बाल बच गए। जींद-संगरूर नेशनल हाईवे पर उनकी कार दुर्घटनाग्रस्त हो गई, जिसमें उन्हें और वाहन चालक को मामूली चोटें आईं। हादसे के बाद उन्हें तत्काल उचाना के उपमंडल नागरिक अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां उनका उपचार किया गया।

जानकारी के अनुसार, सांसद जयप्रकाश नारनौंद विधानसभा क्षेत्र के भेंणी गांव में एक कार्यक्रम में शामिल होने के बाद उचाना और नरवाना की ओर जा रहे थे। इसी दौरान उनकी कार जब उचाना और बड़ौदा के बीच नेशनल हाईवे पर पहुंची, तभी दूसरी ओर से एक भारी-भरकम काला सांड अचानक वाहन पर आ गिरा।

अचानक सामने आया सांड, मच गया हड़कंप

प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, सांड के वाहन से टकराते ही जोरदार झटका लगा और कार क्षतिग्रस्त हो गई। दुर्घटना इतनी अचानक हुई कि कार में सवार लोगों को संभलने का मौका तक नहीं मिला। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी का माहौल बन गया।

एयरबैग खुलने से टली बड़ी अनहोनी

हादसे के दौरान कार के एयरबैग समय रहते खुल गए, जिससे सांसद जयप्रकाश, उनके सुरक्षा कर्मी और चालक की जान बच गई। यदि एयरबैग सक्रिय नहीं होते तो दुर्घटना और भी गंभीर रूप ले सकती थी। हादसे में सभी को हल्की चोटें आईं, लेकिन कोई बड़ा नुकसान नहीं हुआ।

अस्पताल पहुंचे समर्थक, सांसद ने बताई पूरी घटना

दुर्घटना के बाद जयप्रकाश को तुरंत उचाना के सरकारी अस्पताल ले जाया गया। सूचना मिलते ही उनके समर्थकों की बड़ी संख्या अस्पताल पहुंच गई। अस्पताल में उपचार के दौरान सांसद ने बताया कि हाईवे की दूसरी दिशा से अचानक एक सांड उनकी गाड़ी पर आ गिरा, जिसके कारण यह हादसा हुआ।

हाईवे पर आवारा पशुओं को लेकर फिर उठे सवाल

इस घटना के बाद एक बार फिर राष्ट्रीय राजमार्गों पर आवारा पशुओं की समस्या को लेकर सवाल खड़े हो गए हैं। स्थानीय लोगों का कहना है कि हाईवे पर पशुओं की आवाजाही लगातार दुर्घटनाओं का कारण बन रही है और इस दिशा में प्रभावी कदम उठाने की आवश्यकता है।

Related Articles

Back to top button