राज्यहरियाणा

हिसार में सेना के अभ्यास के दौरान दर्दनाक हादसा! टैंक के नीचे दबकर यूपी के दो जवान शहीद

हिसार: हरियाणा के हिसार जिले में शनिवार को सेना के प्रशिक्षण अभ्यास के दौरान बड़ा हादसा हो गया। भोजराज गांव में युद्धाभ्यास के दौरान एक टैंक अनियंत्रित होकर आगे तैनात दो जवानों के ऊपर चढ़ गया। हादसे में दोनों जवानों की मौत हो गई। शहीद जवानों की पहचान उत्तर प्रदेश के शामली निवासी नायक मनीष कुमार और बदायूं निवासी नायक अंकुश कुमार के रूप में हुई है।

32 टैंकों के साथ चल रहा था युद्धाभ्यास

जानकारी के मुताबिक, भारतीय सेना हिसार के भोजराज गांव में 32 टैंकों के साथ युद्धाभ्यास कर रही थी। इसी दौरान शनिवार दोपहर करीब एक बजे यह हादसा हुआ। बताया जा रहा है कि अभ्यास के दौरान टैंकों से उठी धूल के कारण चालक को आगे का रास्ता साफ दिखाई नहीं दिया। इसी वजह से टैंक आगे मौजूद दोनों जवानों के ऊपर से गुजर गया। हादसे में दोनों गंभीर रूप से घायल हो गए।

मिलिट्री अस्पताल में डॉक्टरों ने किया मृत घोषित

घटना के तुरंत बाद दोनों जवानों को हिसार के सैन्य अस्पताल पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। हादसे की जानकारी मिलने के बाद सैन्य अधिकारियों ने हिसार पुलिस और सेना के वरिष्ठ अधिकारियों को सूचित किया। पुलिस ने मामले में आवश्यक कानूनी कार्रवाई शुरू की।

परिजनों के बयान के बाद कराया गया पोस्टमार्टम

जांच अधिकारी अशोक कुंडू के मुताबिक, पुलिस को दोपहर करीब तीन बजे भोजराज गांव स्थित सेना के प्रशिक्षण शिविर में हादसे की सूचना मिली थी। इसके बाद पुलिस ने मौके से जुड़ी आवश्यक कार्रवाई की। जवानों के परिजनों के बयान दर्ज किए गए और 22 नवंबर को दोनों शवों का पोस्टमार्टम कराया गया। प्रक्रिया पूरी होने के बाद पार्थिव शरीर सेना को सौंप दिए गए।

हिसार पुलिस ने जवानों की शहादत को किया नमन

जांच अधिकारी अशोक कुंडू ने कहा कि हिसार पुलिस दोनों वीर जवानों की शहादत का सम्मान करती है। देश के लिए उनके बलिदान को पूरे सम्मान के साथ याद रखा जाएगा। पोस्टमार्टम के बाद सेना ने दोनों जवानों के पार्थिव शरीर अपने कब्जे में लेकर सैन्य सम्मान के साथ आगे की प्रक्रिया पूरी की।

Related Articles

Back to top button