
रांची: झारखंड के गिरिडीह जिले में जैन श्रद्धालुओं की बस भीषण हादसे का शिकार हो गई। पारसनाथ तीर्थस्थल पर दर्शन और पूजा-अर्चना के बाद लौट रहे श्रद्धालुओं की बस मधुबन के पास अनियंत्रित होकर पलट गई। हादसे में गुजरात के सूरत निवासी पति-पत्नी की मौके पर ही मौत हो गई, जबकि 12 से अधिक लोग घायल हो गए। दुर्घटना बीती रात हुई। हादसे के बाद मौके पर चीख-पुकार मच गई और स्थानीय लोगों ने राहत एवं बचाव कार्य शुरू किया।
पेड़ से टकराने के बाद गड्ढे में पलटी बस
जानकारी के मुताबिक, गुजरात के सूरत से करीब 50 जैन श्रद्धालु पारसनाथ में दर्शन और पूजा करने आए थे। धार्मिक यात्रा पूरी करने के बाद सभी बस से टाटानगर रेलवे स्टेशन जा रहे थे। इसी दौरान मधुबन से करीब एक किलोमीटर आगे चालक बस पर नियंत्रण खो बैठा।
बेकाबू बस पहले सड़क किनारे लगे एक पेड़ से टकराई और फिर गड्ढे में पलट गई। टक्कर इतनी जोरदार थी कि बस का अगला हिस्सा बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गया। दुर्घटना के बाद बस में सवार यात्रियों के बीच अफरा-तफरी मच गई और लोग मदद के लिए चिल्लाने लगे।
सूरत के बाबूलाल और बदामी देवी की मौत
इस दर्दनाक हादसे में सूरत निवासी बाबूलाल वंशराज जैन और उनकी पत्नी बदामी देवी की घटनास्थल पर ही मौत हो गई। वहीं, बस में सवार एक दर्जन से अधिक श्रद्धालु घायल हो गए। हादसे में दो लोगों की जान जाने से जैन समुदाय में शोक का माहौल है।
स्थानीय लोगों ने चलाया राहत-बचाव अभियान
दुर्घटना की सूचना मिलते ही आसपास के लोग घटनास्थल पर पहुंच गए। उन्होंने बस में फंसे यात्रियों को बाहर निकालने में मदद की। इसके बाद घायलों को पीरटांड़ स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया, जहां चिकित्सकों ने उनका प्राथमिक उपचार किया।
बताया जा रहा है कि गंभीर रूप से घायल कुछ श्रद्धालुओं को बेहतर इलाज के लिए दूसरे अस्पतालों में भेजा गया है। पारसनाथ की धार्मिक यात्रा पर निकले श्रद्धालुओं के लिए यह सफर एक दर्दनाक हादसे में बदल गया।



