
रांची: झारखंड के पूर्व मुख्यमंत्री अर्जुन मुंडा की मां सायरा मुंडा का सोमवार तड़के निधन हो गया। वह पिछले कुछ समय से बीमार थीं और जमशेदपुर के टाटा मोटर्स अस्पताल में उनका इलाज चल रहा था। चिकित्सकों की लगातार कोशिशों के बावजूद उनकी हालत में सुधार नहीं हुआ और सोमवार सुबह उन्होंने अंतिम सांस ली। उनके निधन की खबर से परिवार और करीबियों में शोक की लहर है।
टाटा मोटर्स अस्पताल में चल रहा था इलाज
सायरा मुंडा बीते कुछ समय से स्वास्थ्य संबंधी परेशानियों से जूझ रही थीं। तबीयत अधिक बिगड़ने के बाद उन्हें जमशेदपुर स्थित टाटा मोटर्स अस्पताल में भर्ती कराया गया था। यहां चिकित्सकों की टीम उनकी सेहत पर लगातार नजर रख रही थी। हालांकि, उनकी स्थिति बेहद नाजुक बनी हुई थी और तमाम प्रयासों के बावजूद उन्हें बचाया नहीं जा सका।
हेमंत सोरेन ने अर्जुन मुंडा के परिवार के प्रति जताई संवेदना
सायरा मुंडा के निधन पर झारखंड के मुख्यमंत्री हेमंत सोरेन ने गहरा दुख व्यक्त किया है। उन्होंने शोक संदेश में कहा कि पूर्व मुख्यमंत्री और बड़े भाई अर्जुन मुंडा की माताजी के निधन का समाचार अत्यंत दुखद है। मां का दुनिया से चले जाना जीवन की ऐसी क्षति है, जिसकी भरपाई संभव नहीं है। मुख्यमंत्री ने इस कठिन समय में अर्जुन मुंडा और उनके पूरे परिवार के प्रति अपनी गहरी संवेदनाएं प्रकट कीं।
स्वर्णरेखा घाट पर होगा अंतिम संस्कार
सायरा मुंडा का अंतिम संस्कार सोमवार को ही जमशेदपुर में किया जाएगा। दोपहर 1 बजे उनके घोड़ाबांधा स्थित आवास से अंतिम यात्रा निकाली जाएगी। इसके बाद स्वर्णरेखा बर्निंग घाट पर उनका अंतिम संस्कार संपन्न होगा। परिजनों की ओर से अंतिम संस्कार की सभी जरूरी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं।



