बिहारराज्य

बिहार में शराबबंदी के बीच बड़ी कार्रवाई, ट्रक से 2603 लीटर विदेशी शराब बरामद; चालक गिरफ्तार

अररिया: बिहार में शराबबंदी के बावजूद अवैध शराब की तस्करी के खिलाफ चल रहे अभियान में अररिया जिले में बड़ी कार्रवाई हुई है। जोकीहाट थाना क्षेत्र में मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने विदेशी शराब से लदा एक ट्रक जब्त किया है। ट्रक से कुल 2603.16 लीटर विदेशी शराब बरामद की गई है। मामले में ट्रक चालक को गिरफ्तार कर लिया गया है। बरामद शराब की सभी बोतलों पर अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए लिखा हुआ है।

गुप्त सूचना पर बनाई गई विशेष टीम

जिला पदाधिकारी, अररिया के निर्देश पर अवैध शराब के खिलाफ अभियान चलाया जा रहा है। इसी अभियान के दौरान मद्यनिषेध विभाग को गुप्त सूचना मिली थी कि किशनगंज से फारबिसगंज की तरफ चार लेन सड़क के रास्ते विदेशी शराब की बड़ी खेप ले जाई जा रही है।

सूचना मिलने के बाद उसके सत्यापन और कार्रवाई के लिए मद्यनिषेध निरीक्षक-सह-थानाध्यक्ष के निर्देश पर सहायक अवर निरीक्षक शिवज्ञान कुमार के नेतृत्व में विशेष दल का गठन किया गया। इस टीम में सहायक अवर निरीक्षक सोनालाल, मद्यनिषेध सिपाही और प्रतिनियुक्त गृह रक्षक बल के जवान शामिल किए गए।

रात डेढ़ बजे से शुरू हुई वाहनों की जांच

विशेष टीम ने रात करीब डेढ़ बजे जोकीहाट थाना क्षेत्र के रानी चौक के पास किशनगंज-अररिया चार लेन सड़क पर संदिग्ध वाहनों की जांच शुरू की। टीम वाहनों की जांच कर रही थी, इसी दौरान सुबह करीब साढ़े चार बजे पंजीकरण संख्या NL01G-9104 वाला एक ट्रक वहां पहुंचा।

जांच दल को देखते ही ट्रक चालक ने वाहन को घुमाकर मौके से भागने की कोशिश की। हालांकि, पहले से सतर्क जवानों ने घेराबंदी कर ट्रक को रोक लिया। इसके बाद वाहन की तलाशी ली गई, जिसमें भारी मात्रा में विदेशी शराब बरामद हुई।

2603.16 लीटर शराब बरामद

मद्यनिषेध एवं उत्पाद विभाग की टीम ने ट्रक से कुल 2603.16 लीटर विदेशी शराब जब्त की है। बरामद शराब की बोतलों पर अरुणाचल प्रदेश में बिक्री के लिए लिखा हुआ है। कार्रवाई के दौरान ट्रक चालक को भी गिरफ्तार कर लिया गया। मामले में आगे की कार्रवाई की जा रही है।

Related Articles

Back to top button