अन्तर्राष्ट्रीय

PAK में बड़ा हमला! बलूचिस्तान के कोस्ट गार्ड कैंप पर धावा, BLA का दावा- 30 से ज्यादा सुरक्षाकर्मी मारे गए

नई दिल्ली: पाकिस्तान के बलूचिस्तान प्रांत के ग्वादर जिले के जीवानी क्षेत्र में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स के एक कैंप पर बड़े हमले का दावा किया गया है। प्रतिबंधित संगठन बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) ने कहा है कि उसके लड़ाकों ने आत्मघाती हमला कर सैन्य परिसर को निशाना बनाया, जिसमें 30 से अधिक सुरक्षाकर्मियों के मारे जाने और कई अन्य के घायल होने का दावा किया गया है। हालांकि, पाकिस्तान की ओर से अब तक इस दावे की आधिकारिक पुष्टि नहीं की गई है और स्वतंत्र स्तर पर भी इसकी पुष्टि नहीं हो सकी है।

हमले की जिम्मेदारी लेने का दावा

रिपोर्ट के मुताबिक, संगठन के प्रवक्ता जीयंद बलोच के नाम से जारी बयान में कहा गया है कि इस हमले को BLA की विशेष इकाई माजिद ब्रिगेड ने अंजाम दिया। संगठन का दावा है कि कार्रवाई ग्वादर जिले के जीवानी क्षेत्र के पनवान इलाके में स्थित पाकिस्तान कोस्ट गार्ड्स की सैन्य सुविधा को निशाना बनाकर की गई।

‘पहले घुसे, फिर किया आत्मघाती हमला’

BLA ने दावा किया है कि उसके लड़ाके पहले सुरक्षा परिसर के भीतर दाखिल हुए और इसके बाद आत्मघाती हमला किया गया। संगठन ने इस कार्रवाई को अपने लंबे अभियान का हिस्सा बताते हुए इसे ‘फिदायीन’ ऑपरेशन बताया है।

रणनीतिक रूप से बेहद अहम है ग्वादर

ग्वादर जिला पाकिस्तान के सबसे संवेदनशील इलाकों में माना जाता है। यहां चीन के सहयोग से विकसित बंदरगाह परियोजना संचालित हो रही है, जिसके कारण यह क्षेत्र लंबे समय से सुरक्षा बलों और उग्रवादी संगठनों के बीच संघर्ष का केंद्र बना हुआ है।

लंबे समय से सक्रिय हैं उग्रवादी संगठन

बलूचिस्तान में सक्रिय उग्रवादी संगठन पिछले कई वर्षों से सुरक्षा बलों, सरकारी प्रतिष्ठानों और बुनियादी ढांचा परियोजनाओं को लगातार निशाना बनाते रहे हैं। इन संगठनों की मांग है कि बलूचिस्तान को अधिक स्वायत्तता दी जाए और प्रांत के प्राकृतिक संसाधनों पर स्थानीय लोगों का नियंत्रण सुनिश्चित किया जाए।

आधिकारिक पुष्टि का इंतजार

गौरतलब है कि बलूच लिबरेशन आर्मी (BLA) को पाकिस्तान समेत कई देशों ने आतंकी संगठन घोषित कर रखा है। यह संगठन पहले भी बलूचिस्तान में सुरक्षा प्रतिष्ठानों पर कई बड़े हमलों और आत्मघाती विस्फोटों की जिम्मेदारी लेने का दावा कर चुका है। फिलहाल इस ताजा हमले और कथित हताहतों की संख्या को लेकर पाकिस्तान सरकार या सुरक्षा एजेंसियों की ओर से कोई आधिकारिक बयान जारी नहीं किया गया है।

Related Articles

Back to top button