
योगी कैबिनेट का बड़ा फैसला! गोरखपुर-मुरादाबाद को मिली म्यूनिसिपल बॉन्ड की मंजूरी, शहरों के विकास को मिलेगी नई रफ्तार
लखनऊ: उत्तर प्रदेश सरकार ने शहरी विकास को गति देने की दिशा में बड़ा फैसला लेते हुए गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगमों को म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करने की मंजूरी दे दी है। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ की अध्यक्षता में सोमवार को हुई कैबिनेट बैठक में इस प्रस्ताव को हरी झंडी मिली। इसके साथ ही दोनों नगर निगमों की क्रेडिट रेटिंग बेहतर बनाने के लिए इन्फ्रास्ट्रक्चर डेवलपमेंट फंड (आईडीएफ) से अनुदान उपलब्ध कराने के प्रस्ताव को भी स्वीकृति दी गई।
बाजार से जुटाए जाएंगे विकास कार्यों के लिए संसाधन
सरकार के इस फैसले से गोरखपुर और मुरादाबाद में आधारभूत सुविधाओं के विकास के लिए बाजार से वित्तीय संसाधन जुटाने का रास्ता खुलेगा। साथ ही नगर निगमों की आर्थिक क्षमता मजबूत होगी। राज्य सरकार नगरीय निकायों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने और शहरी विकास परियोजनाओं के लिए वैकल्पिक वित्तीय स्रोत उपलब्ध कराने की दिशा में लगातार प्रयास कर रही है।
लखनऊ और गाजियाबाद पहले ही जारी कर चुके हैं बॉन्ड
इससे पहले लखनऊ नगर निगम वर्ष 2020 में 200 करोड़ रुपये और गाजियाबाद नगर निगम वर्ष 2021 में 150 करोड़ रुपये के म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी कर चुके हैं। अब इसी क्रम में गोरखपुर और मुरादाबाद नगर निगमों को भी बॉन्ड जारी करने की मंजूरी दी गई है।
आईडीएफ से मिलेगा 26 करोड़ रुपये तक का प्रोत्साहन अनुदान
राज्य सरकार की प्रोत्साहन योजना के तहत यदि कोई नगर निगम बाजार से प्रत्येक 100 करोड़ रुपये का म्यूनिसिपल बॉन्ड जारी करता है तो उसे 13 करोड़ रुपये का प्रोत्साहन अनुदान मिलेगा। वहीं, 200 करोड़ रुपये तक के बॉन्ड जारी करने पर अधिकतम 26 करोड़ रुपये का अनुदान प्रदान किया जाएगा। यह राशि नगर निगमों की वित्तीय स्थिति मजबूत करने और उनकी उधार लेने की क्षमता बढ़ाने में सहायक होगी।
सेबी के नियमों के तहत होगा धनराशि का उपयोग
केंद्र सरकार की व्यवस्था के अनुसार प्रोत्साहन राशि एक विशेष खाते में जमा की जाएगी और सभी नगर निगमों को सेबी के निर्धारित नियमों का पालन करना होगा। म्यूनिसिपल बॉन्ड से जुटाई गई धनराशि का उपयोग गोरखपुर में गोलघर स्थित जलकल कंपाउंड में 314 करोड़ रुपये की लागत से बनने वाले मिक्स यूज्ड कमर्शियल कॉम्प्लेक्स के निर्माण में किया जाएगा।
मुरादाबाद में बनेगा शिक्षा और मनोरंजन पार्क
मुरादाबाद में म्यूनिसिपल बॉन्ड से प्राप्त राशि का उपयोग 82.60 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित शिक्षा एवं मनोरंजन पार्क के निर्माण पर किया जाएगा। सरकार का मानना है कि इस पहल से नगर निगमों की वित्तीय आत्मनिर्भरता बढ़ेगी, निजी निवेशकों का भरोसा मजबूत होगा और प्रदेश के शहरों में आधुनिक शहरी आधारभूत ढांचे के विकास को नई गति मिलेगी।



