छत्तीसगढ़राज्य

छत्तीसगढ़ राज्योत्सव में बड़ी सुविधा, निजी बोरवेल और कुओं के पानी की मुफ्त होगी जांच

रायपुर: छत्तीसगढ़ राज्य स्थापना दिवस के अवसर पर आयोजित राज्योत्सव 2026 में आम लोगों को पेयजल की गुणवत्ता जांचने की विशेष सुविधा दी जा रही है। लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग की इस पहल के तहत नागरिक अपने घर के निजी बोरवेल और कुओं के पानी की जांच पूरी तरह निःशुल्क करवा सकते हैं।

राज्योत्सव का आयोजन 1 से 3 नवंबर 2026 तक किया जा रहा है। इस दौरान लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के प्रदर्शनी स्थल पर पेयजल का प्रत्यक्ष रासायनिक परीक्षण किया जा रहा है। इसमें पीने और सिंचाई के पानी में फ्लोराइड, आर्सेनिक, भारी धातुओं और बैक्टीरिया जैसे तत्वों की मौजूदगी की जांच की जा रही है।

कैसे कराएं पानी की जांच?

अपने घर के निजी ट्यूबवेल, बोरवेल या कुएं के पानी की गुणवत्ता जांच कराने के इच्छुक नागरिक राज्योत्सव परिसर में लोक स्वास्थ्य यांत्रिकी विभाग के मुख्य प्रदर्शनी स्थल पर संपर्क कर सकते हैं। इस सुविधा के लिए कोई शुल्क नहीं लिया जा रहा है।

विभाग के मुताबिक, पानी के नमूने की जांच के बाद रिपोर्ट भी उसी काउंटर से उपलब्ध कराई जा रही है। इससे लोगों को पानी में मौजूद तत्वों और उसके पीने योग्य होने की स्थिति की जानकारी मिल सकेगी।

पानी की शुद्धता और भू-जल संरक्षण पर जागरूकता

विभागीय स्टॉल पर मौजूद विशेषज्ञ लोगों को पानी की गुणवत्ता, भू-जल संरक्षण और सुरक्षित पेयजल के उपायों के बारे में भी जानकारी दे रहे हैं। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों को अपने जल स्रोतों की शुद्धता के प्रति जागरूक करना और दूषित पानी से होने वाले संभावित स्वास्थ्य जोखिमों को लेकर सतर्क करना है।

प्रशासन ने आम नागरिकों से अपील की है कि वे राज्योत्सव के दौरान उपलब्ध इस निःशुल्क सुविधा का अधिक से अधिक लाभ उठाएं और अपने निजी जल स्रोतों के पानी की जांच जरूर कराएं।

Related Articles

Back to top button