ट्रंप के करीबी गायक की पत्नी को बड़ा तोहफा! किम्बर्ली ग्रीनवुड बनेंगी अमेरिकी राजदूत, जानें क्या है खास कनेक्शन

वॉशिंगटन: अमेरिकी राष्ट्रपति डोनाल्ड ट्रंप ने देशभक्ति गीत ‘गॉड ब्लेस द यूएसए’ के मशहूर गायक ली ग्रीनवुड की पत्नी किम्बर्ली ग्रीनवुड को बारबाडोस और पूर्वी कैरिबियाई देशों के लिए अमेरिकी राजदूत नामित किया है। किम्बर्ली उन नामित लोगों की सूची में शामिल हैं, जिनके नामों को पुष्टि के लिए ट्रंप प्रशासन ने अमेरिकी सीनेट के पास भेजा है। नामांकन के बाद किम्बर्ली ने सोशल मीडिया पर ट्रंप और अपने पति के साथ तस्वीर साझा कर राष्ट्रपति का आभार जताया।
किम्बर्ली ग्रीनवुड ने पोस्ट में ट्रंप को धन्यवाद देते हुए कहा कि उन पर भरोसा जताने और सेवा का यह असाधारण अवसर देने के लिए वह आभारी हैं। अब उनके नामांकन पर सीनेट की पुष्टि जरूरी होगी।
ट्रंप के पसंदीदा गायकों में शामिल हैं ली ग्रीनवुड
किम्बर्ली के पति ली ग्रीनवुड राष्ट्रपति ट्रंप के पसंदीदा गायकों में गिने जाते हैं। उनका लोकप्रिय देशभक्ति गीत ‘गॉड ब्लेस द यूएसए’ लंबे समय से ट्रंप के राजनीतिक कार्यक्रमों में बजता रहा है। ट्रंप के कार्यक्रमों में ली ग्रीनवुड की मौजूदगी भी कई बार देखने को मिली है।
ट्रंप और ली ग्रीनवुड के बीच कारोबारी संबंध भी रहे हैं। दोनों ने मिलकर 59.99 अमेरिकी डॉलर की ‘गॉड ब्लेस द यूएसए बाइबल’ बेची थी।
किम्बर्ली का ट्रंप से 18 साल पुराना कनेक्शन
ली ग्रीनवुड ने अपनी पत्नी के नामांकन का स्वागत करते हुए सोशल मीडिया पर उनकी तारीफ की। उन्होंने बताया कि किम्बर्ली ने ट्रंप के साथ उस समय करीब 18 वर्षों तक काम किया था, जब ट्रंप ‘मिस यूनिवर्स संगठन’ के मालिक थे।
किम्बर्ली ग्रीनवुड उस दौरान अलग-अलग राज्यों में आयोजित होने वाली सौंदर्य प्रतियोगिताओं का संचालन करती थीं। यही पुराना पेशेवर संबंध अब उनके राजदूत नामांकन के बाद एक बार फिर चर्चा में है।
बारबाडोस और पूर्वी कैरिबियाई देशों की जिम्मेदारी
यदि सीनेट उनके नामांकन की पुष्टि कर देती है तो किम्बर्ली ग्रीनवुड बारबाडोस और पूर्वी कैरिबियाई देशों के लिए अमेरिका की राजदूत के रूप में जिम्मेदारी संभालेंगी। ट्रंप प्रशासन ने उनके साथ कई अन्य नामित लोगों के नाम भी पुष्टि के लिए सीनेट को भेजे हैं।



