मध्य प्रदेशराज्य

वंदे भारत यात्रियों के लिए बड़ी खुशखबरी! 2 घंटे देरी हुई तो मिलेगा फ्री खाना और पानी, रेलवे का नया नियम लागू

भोपाल: वंदे भारत एक्सप्रेस में सफर करने वाले यात्रियों के लिए भारतीय रेलवे ने बड़ी राहत का ऐलान किया है। अब अगर वंदे भारत ट्रेन अपने निर्धारित समय से दो घंटे या उससे अधिक देरी से चलती है, तो यात्रियों को यात्रा के दौरान मुफ्त भोजन, नाश्ता और पीने का पानी उपलब्ध कराया जाएगा। रेलवे का मानना है कि इस सुविधा से यात्रियों को देरी के दौरान होने वाली असुविधा से राहत मिलेगी।

भारतीय रेलवे कैटरिंग एंड टूरिज्म कॉरपोरेशन (आईआरसीटीसी) के अनुसार यह सुविधा उन सभी यात्रियों को दी जाएगी, जिनकी ट्रेन तय समय से कम से कम दो घंटे लेट हो। इसके लिए यात्रियों को कोई अतिरिक्त शुल्क नहीं देना होगा और न ही टिकट बुकिंग के दौरान इसके लिए कोई अलग राशि जोड़ी जाएगी।

देरी के समय के हिसाब से मिलेगा भोजन

रेलवे ने यात्रियों के लिए भोजन का मेन्यू भी तय किया है। यदि ट्रेन सुबह के समय दो घंटे या उससे अधिक विलंबित होती है तो यात्रियों को चाय या कॉफी के साथ भरपेट नाश्ता दिया जाएगा।

वहीं, यदि ट्रेन दोपहर या रात के भोजन के समय देरी से चल रही हो तो यात्रियों को पूरा शाकाहारी भोजन उपलब्ध कराया जाएगा। इसके साथ रेल नीर की बोतल भी निःशुल्क दी जाएगी।

‘नो फूड’ चुनने वालों को भी मिलेगा लाभ

रेलवे ने स्पष्ट किया है कि यह सुविधा सभी यात्रियों के लिए समान रूप से लागू होगी। टिकट बुकिंग के दौरान यदि किसी यात्री ने ‘नो फूड’ विकल्प चुना है, तब भी ट्रेन के दो घंटे या उससे अधिक विलंबित होने पर उसे मुफ्त भोजन और पानी उपलब्ध कराया जाएगा।

यानी इस विशेष सुविधा का लाभ लेने के लिए बुकिंग के समय भोजन का विकल्प चुनना जरूरी नहीं है।

यात्रियों की सुविधा बढ़ाने पर रेलवे का फोकस

रेलवे अधिकारियों का कहना है कि वंदे भारत एक्सप्रेस को देश की सबसे आधुनिक और प्रीमियम ट्रेनों में शामिल किया जाता है। ऐसे में यात्रियों को बेहतर अनुभव देने के लिए लगातार नई सुविधाएं जोड़ी जा रही हैं।

इस नई व्यवस्था का उद्देश्य देरी की स्थिति में यात्रियों को अतिरिक्त खर्च और परेशानी से बचाना है, ताकि सफर अधिक सुविधाजनक और आरामदायक बनाया जा सके।

मध्य प्रदेश में चल रही हैं 5 वंदे भारत ट्रेनें

मध्य प्रदेश को अब तक पांच वंदे भारत एक्सप्रेस ट्रेनों की सौगात मिल चुकी है। ये ट्रेनें भोपाल, इंदौर, जबलपुर, रीवा और खजुराहो जैसे प्रमुख शहरों को देश के महत्वपूर्ण रेल मार्गों से जोड़ती हैं।

इन ट्रेनों के जरिए यात्रियों को तेज गति, आधुनिक सुविधाएं और समयबद्ध यात्रा का लाभ मिल रहा है। रेलवे का मानना है कि नई फ्री मील सुविधा से यात्रियों का भरोसा और संतुष्टि दोनों बढ़ेंगे।

रेलवे अधिकारी ने दी जानकारी

भोपाल रेल मंडल के जनसंपर्क अधिकारी नवल अग्रवाल के मुताबिक, वंदे भारत एक्सप्रेस के दो घंटे या उससे अधिक विलंबित होने पर यात्रियों को पूरी तरह नि:शुल्क भोजन, नाश्ता और रेल नीर उपलब्ध कराया जाएगा। देरी की अवधि और समय के अनुसार भोजन की व्यवस्था की जाएगी। यह सेवा रेलवे की ओर से यात्रियों के लिए एक कॉम्प्लीमेंट्री सुविधा होगी।

Related Articles

Back to top button