झारखण्ड

झारखंड में स्वास्थ्य व्यवस्था को मजबूती देने की बड़ी पहल: 666 स्पेशलिस्ट डॉक्टरों की होगी नियुक्ति, जेपीएससी को भेजी गई अधियाचना

झारखंड सरकार ने राज्य की स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूत करने की दिशा में बड़ा फैसला लिया है। राज्य के विभिन्न अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति की जाएगी। इसके लिए कार्मिक विभाग ने झारखंड लोक सेवा आयोग (जेपीएससी) को अधियाचना भेज दी है।

इस भर्ती प्रक्रिया के तहत कुल 13 प्रकार के विशेषज्ञ डॉक्टरों के पद भरे जाएंगे, जिनमें नियमित नियुक्ति के 506 पद और बैकलॉग श्रेणी के 160 पद शामिल हैं। इस संबंध में कार्मिक विभाग के उपसचिव ब्रज माधव ने जेपीएससी सचिव को औपचारिक पत्र भेजा है।

कुल 1277 डॉक्टरों की होगी व्यापक भर्ती प्रक्रिया

राज्य सरकार स्वास्थ्य व्यवस्था को बेहतर बनाने के साथ-साथ चिकित्सा शिक्षा को भी सुदृढ़ करने के लिए बड़े स्तर पर भर्ती प्रक्रिया शुरू कर रही है। कुल मिलाकर 1277 डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी, जिसमें 942 विशेषज्ञ चिकित्सक शामिल हैं।

इसके तहत पांच मेडिकल कॉलेजों में सुपर स्पेशियलिटी विभागों के संचालन के लिए 96 अतिविशेषज्ञ डॉक्टरों और 180 विशेषज्ञ चिकित्सकों की नियुक्ति होगी। इसके अलावा विभिन्न अस्पतालों में 666 विशेषज्ञ चिकित्सक और 335 मेडिकल ऑफिसर की भर्ती की जाएगी।

मेडिकल कॉलेजों में शिक्षकों की भी होगी भर्ती

राज्य के छह मेडिकल कॉलेजों में अगले शैक्षणिक सत्र के लिए यूजी की 220 और पीजी की 211 सीटें बढ़ाने की प्रक्रिया भी शुरू कर दी गई है। इसी के अनुरूप शिक्षकों की रिक्तियों को भरने की तैयारी की जा रही है।

पांच सरकारी मेडिकल कॉलेजों (रिम्स को छोड़कर) में 180 सहायक प्राध्यापकों की नियुक्ति होगी। इनमें 155 नियमित और 25 बैकलॉग पद शामिल हैं। ये नियुक्तियां 24 विभागों में की जाएंगी, जिनमें मेडिसिन, सर्जरी, निश्चेतना, स्त्री एवं प्रसव रोग तथा शिशु रोग जैसे महत्वपूर्ण विभाग शामिल हैं।

सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं पर विशेष फोकस

सुपर स्पेशियलिटी सेवाओं को मजबूत करने के लिए कार्डियोलॉजी, कार्डियक सर्जरी, न्यूरोलॉजी, न्यूरो सर्जरी, नेफ्रोलॉजी, यूरोलॉजी और ऑन्कोलॉजी जैसे विभागों में भी विशेषज्ञ डॉक्टरों की नियुक्ति की जाएगी।

किन-किन पदों पर होगी नियुक्ति

फिजिशियन – 224 पद
शिशु रोग विशेषज्ञ – 224 पद
निश्चेतक (एनेस्थेटिस्ट) – 57 पद
स्त्री रोग विशेषज्ञ – 28 पद
रेडियोलॉजिस्ट – 28 पद
सर्जन – 24 पद
फोरेंसिक विशेषज्ञ – 20 पद
चर्म रोग विशेषज्ञ – 13 पद
अस्थि रोग विशेषज्ञ – 12 पद
मनोचिकित्सक – 11 पद
नेत्र रोग विशेषज्ञ – 10 पद
ईएनटी – 09 पद
पैथोलॉजिस्ट – 04 पद

जेपीएससी को भेजी गई अधियाचना, प्रक्रिया शुरू

इन सभी 276 प्रमुख पदों की नियुक्ति के लिए जेपीएससी को अधियाचना भेज दी गई है और जल्द ही चयन प्रक्रिया शुरू होने की उम्मीद है। सरकार का दावा है कि इस बड़े कदम से राज्य में स्वास्थ्य सेवाएं काफी मजबूत होंगी और मरीजों को बेहतर इलाज उपलब्ध हो सकेगा।

Related Articles

Back to top button