सलमान खान फायरिंग केस में बड़ा मोड़! अनमोल बिश्नोई ने कोर्ट से मांगी सरेंडर की अनुमति, मुंबई लाने की उठाई मांग

मुंबई: अभिनेता सलमान खान के मुंबई स्थित गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर हुई फायरिंग मामले में नया घटनाक्रम सामने आया है। गैंगस्टर लॉरेंस बिश्नोई के भाई अनमोल बिश्नोई ने इस मामले में मुंबई की विशेष मकोका अदालत के समक्ष सरेंडर करने की अनुमति मांगी है। इसके लिए उसने अदालत में याचिका दायर कर तिहाड़ जेल प्रशासन के नाम प्रोडक्शन वारंट जारी करने की मांग की है।
अनमोल बिश्नोई फिलहाल नई दिल्ली की तिहाड़ जेल में न्यायिक हिरासत में बंद है। उसे नवंबर 2025 में अमेरिका से भारत लाया गया था, जिसके बाद राष्ट्रीय जांच एजेंसी (एनआईए) ने उसे गिरफ्तार किया था।
याचिका में क्या कहा गया है?
अनमोल बिश्नोई ने अपनी याचिका में कहा है कि वह सलमान खान फायरिंग मामले में निष्पक्ष सुनवाई और न्यायिक प्रक्रिया का सामना करने के लिए अपनी इच्छा से मुंबई की अदालत के समक्ष सरेंडर करना चाहता है।
याचिका में यह भी कहा गया है कि चूंकि वह पहले से एनआईए के एक मामले में न्यायिक हिरासत में है, इसलिए अदालत के आदेश के बिना मुंबई की कोर्ट में पेश नहीं हो सकता। इसी वजह से उसने तिहाड़ जेल प्रशासन के नाम प्रोडक्शन वारंट जारी करने का अनुरोध किया है, ताकि उसका सरेंडर विधिवत दर्ज किया जा सके।
अदालत ने मांगा अभियोजन पक्ष का जवाब
मामले की सुनवाई कर रहे विशेष मकोका अदालत के न्यायाधीश एस.आर. नवेंदर ने अनमोल बिश्नोई की याचिका पर लोक अभियोजक को जवाब दाखिल करने का निर्देश दिया है।
याचिका में यह भी उल्लेख किया गया है कि फायरिंग मामले की सुनवाई पहले से जारी है और अब तक तीन गवाहों के बयान दर्ज किए जा चुके हैं। अनमोल का कहना है कि उसके सरेंडर से न्यायिक प्रक्रिया में कोई बाधा नहीं आएगी।
क्या है सलमान खान फायरिंग मामला?
14 अप्रैल 2024 को दो मोटरसाइकिल सवार हमलावरों ने मुंबई स्थित सलमान खान के गैलेक्सी अपार्टमेंट के बाहर कई राउंड फायरिंग की थी और मौके से फरार हो गए थे।
इस मामले में मुंबई पुलिस ने महाराष्ट्र संगठित अपराध नियंत्रण अधिनियम (मकोका) के तहत मामला दर्ज किया था। जांच एजेंसियों का आरोप है कि इस हमले की साजिश लॉरेंस बिश्नोई गिरोह ने रची थी।
फिलहाल इस मामले में शूटर विक्की गुप्ता, सागर पाल, सोनू कुमार बिश्नोई, मोहम्मद रफीक चौधरी और हरपाल सिंह समेत कई आरोपी न्यायिक हिरासत में हैं और उनके खिलाफ मुकदमा चल रहा है।



