अपराधउत्तर प्रदेशफीचर्डराज्यलखनऊ

भाजपा जिलाध्यक्ष के पुत्र पर थप्पड़ के मामले ने पकड़ा तूल

बांदा। भारतीय जनता पार्टी के जिला अध्यक्ष रामकेश निषाद के पुत्र को एक सिपाही ने वाहन चेकिंग के दौरान हेलमेट न पहनने पर थप्पड़ जड़ दिया। जिसकी गूंज भाजपा नेताओं के कान में इस तरह गूंजी की पुलिस चौकी को छोड़कर उन्होंने कोतवाली का घेराव किया। जहां पुलिस ने उन पर बल प्रयोग किया, इस दौरान आधा दर्जन कार्यकर्ता घायल हो गए।

गौरतलब है कि सोमवार को दोपहर में भाजपा जिलाध्यक्ष के पुत्र को सिविल लाइन पुलिस चौकी के एक सिपाही ने इसलिए थप्पड़ जड़ दिया था क्योंकि वह हेलमेट नहीं पहने था। इस बात से नाराज होकर भाजपा के सैकड़ों कार्यकर्ताओं ने पुलिस चौकी का घेराव किया था लेकिन पुलिस अधिकारियों ने किसी तरह उन्हें तवज्जो नहीं दिया।

मामला जब भाजपा के बड़े पदाधिकारियों के पास पहुंचा तो भाजपा के पूर्व अध्यक्ष लवलेश सिंह, संतोष गुप्ता, अशोक त्रिपाठी जीतू और भाजयुमो के अध्यक्ष अतुल मोहन इत्यादि सैकड़ों कार्यकर्ताओं के साथ सदर कोतवाली पहुंच गए। जहां पुलिस के खिलाफ नारेबाजी शुरू की।

इस बीच वहां एडीएम संतोष कुमार सिंह,अपर एसपीएल बीके पाल, सीओ सिटी आलोक मिश्रा, शहर कोतवाल दिनेश सिंह आदि ने भाजपाईयों को समझाने की कोशिश की, लेकिन आक्रोशित कार्यकर्ता दोषी पुलिसकर्मी के खिलाफ संगीन धाराओं में मुकदमा, पूरी पुलिस चौकी का निलंबन आदि की मांग पर अड़े रहे, जिससे पुलिस भी नाराज हो गई और नारेबाजी कर रहे भाजपा कार्यकर्ताओं पर बल प्रयोग किया।

जिससे आधा दर्जन कार्यकर्ताओं को छुटपुर चोटें आई हैं। मामला बिगड़ता देख कर भाजपा के पदाधिकारियों ने पुलिस बल से मिलकर किसी तरह से मामले को ठंडा किया। इस बीच कोतवाली पुलिस छावनी में तब्दील हो गयी, यहां कई थाने की पुलिस मौके पर पहुंच गई, उधर कुछ कार्यकर्ताओं ने पैलानी कस्बे में भी सड़क जाम करके पुलिस के खिलाफ नारेबाजी की। इस बीच इस मामले में किसी भी अधिकारी ने किसी तरह की टिप्पणी नहीं की है। दोनों पक्षों के बीच अभी भी तनाव बरकरार है। इस मामले में डीआईजी ने भी हस्तक्षेप किया है। फिलहाल पुलिस के खिलाफ क्या कार्रवाई हुई अभी तक जानकारी नहीं है।

Related Articles

Back to top button