
‘2027 में फिर बनेगी भाजपा सरकार’, केशव प्रसाद मौर्य का बड़ा दावा; बोले- विपक्ष 2047 तक सत्ता से रहेगा बाहर
प्रयागराज: उत्तर प्रदेश के उपमुख्यमंत्री केशव प्रसाद मौर्य ने एक बार फिर विपक्ष पर तीखा हमला बोलते हुए दावा किया कि राज्य में वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव में भारतीय जनता पार्टी लगातार तीसरी बार प्रचंड बहुमत के साथ सरकार बनाएगी। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी समेत पूरा विपक्ष 2027 से लेकर 2047 तक सत्ता से बाहर रहेगा।
बुधवार को प्रयागराज के जिला पंचायत सभागार में शिक्षकों, शिक्षामित्रों और अनुदेशकों के लिए कैशलेस चिकित्सा सुविधा के शुभारंभ कार्यक्रम में पहुंचे उपमुख्यमंत्री ने पत्रकारों से अनौपचारिक बातचीत के दौरान यह दावा किया।
‘विपक्ष के पास कोई मुद्दा नहीं’
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि विपक्ष मुद्दाविहीन हो चुका है, इसलिए वह राम मंदिर में चढ़ावे की कथित चोरी के मामले पर राजनीति कर रहा है। उन्होंने कहा कि इस मामले में जो भी दोषी होगा, उसके खिलाफ कार्रवाई की जा रही है और कानून अपना काम कर रहा है।
उन्होंने कहा कि विपक्ष की इस राजनीति का जनता पर कोई प्रभाव नहीं पड़ेगा। उनके अनुसार, रामभक्त राष्ट्रभक्त हैं और उनके लिए देश सर्वोपरि है।
सपा पर भी साधा निशाना
उपमुख्यमंत्री ने समाजवादी पार्टी पर निशाना साधते हुए कहा कि सत्ता में वापसी के उसके सपने पूरे नहीं होने वाले हैं। उन्होंने कहा कि समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष घबराहट में बयान दे रहे हैं और उन्हें यह एहसास है कि भाजपा लगातार चुनावों में जनता का समर्थन प्राप्त कर रही है।
भाजपा की चुनावी सफलता का किया जिक्र
केशव प्रसाद मौर्य ने कहा कि लोकसभा चुनाव के बाद हरियाणा, दिल्ली, बिहार, पश्चिम बंगाल और असम सहित जिन राज्यों में चुनाव हुए, वहां भारतीय जनता पार्टी को सफलता मिली है। उन्होंने इसे जनता के विश्वास का प्रमाण बताया।
कांग्रेस की मांग पर भी दिया जवाब
कर्नाटक में कांग्रेस पदाधिकारियों द्वारा राम मंदिर चढ़ावा मामले को लेकर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ से इस्तीफे की मांग पर प्रतिक्रिया देते हुए उपमुख्यमंत्री ने कहा कि इस तरह के सवालों का जवाब देने की आवश्यकता नहीं है। उन्होंने कहा कि सभी कार्य विधिसम्मत तरीके से किए जा रहे हैं।



