मेरठ कमिश्नरी पर भाकियू का घरना-प्रदर्शन, एमडीए वीसी से वार्ता आरटीओ आफिस में चढाई कड़ाही
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व मे ट्रैक्टरों पर सवार किसानों का एमडीए के खिलाफ प्रदर्शन।
Meerut News: अपनी मांगों के समर्थन में भारतीय किसान यूनियन के बैनर तले किसानों ने मेरठ कमिश्नरी पर धरना प्रदर्शन किया। इसके बाद किसान मेरठ विकास प्राधिकरण के परिसर पहुंचे और वहां पर एमडीए वीसी संजय मीणा से वार्ता की। एमडीए वीसी संजय मीणा ने किसानों को आश्वस्त किया कि किसी भी आमजन का अहित नहीं होने दिया जाएगा।
गन्ना मूल्य 600 घोषित कराने
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी और किसानों ने वीसी के सड़क पर पहुंचकर वार्ता करने पर उन्हे धन्यवाद दिया और उनके द्वारा दिए गए आश्वासन पर उम्मीद जताई कि आप ऊपर बात करके आमजन का अहित होने से जरूर बचाएंगे। इस दौरान किसानों ने सुप्रीम कोर्ट द्वारा गन्ना ब्याज संबंधी आदेश को लागू कराने व गन्ना मूल्य 600 घोषित कराने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के नाम ज्ञापन सौंपा।
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी के नेतृत्व में ट्रैक्टर ट्रालियों के साथ शहर के बीच से होते हुए किसानों का दल आरटीओ आफिस पहुंचा। आरटीओ आफिस पहुंचकर किसानों ने अपने ट्रैक्टर ट्रालियों को परिसर में खड़ा कर दिया। जिससे पूरा परिसर किसानों से भर गया।

आरटीओ में पहुंचकर किसानों ने भट्टी चढ़ाकर पुलाव रायते का भंडारा लगाया
किसानों ने आरटीओ में पहुंचकर किसानों ने भट्टी चढ़ाकर पुलाव रायते का भंडारा लगाया। परिसर मे किसानों ने मेजर चिंदौड़ी की अध्यक्षता में पंचायत का आयोजन किया, जिसका संचालन हर्ष चाहल ने किया। किसानों के बीच एआरटीओ परिवर्तन विकास यादव एवं एआरटीओ सुधांशु रंजन मौजूद रहे। तमाम मांगों को लेकर दोनों एआरटीओ ने किसानों को आश्वस्त किया कि ऊपर आपकी बात पहुंचाई जाएगी और तब तक कोई कार्यवाही नहीं की जाएगी।
मेरठ विकास प्राधिकरण मेरठ को नेस्तनाबूद करना चाह रहा
भाकियू जिलाध्यक्ष अनुराग चौधरी ने कहा कि एमडीए हो या परिवहन विभाग की किसी भी तानाशाही नहीं झेली जाएगी। हम इसके विरुद्ध संघर्ष करेंगे हम किसी का अहित नहीं होने दिया जायेगा। अनुराग चौधरी ने अपने संबोधन मे कहा कि आज जब मेरठ विकास के नित नए कीर्तिमान स्थापित कर रहा तब मेरठ विकास प्राधिकरण मेरठ को नेस्तनाबूद करना चाह रहा है, जिसमे जिले की सैकड़ो कच्ची कॉलोनी व महानगर के मुख्य मार्ग शामिल हैं, अनुराग चौधरी ने मांग की कि जिला मेरठ सहित समस्त उत्तर प्रदेश मे दिल्ली की तर्ज पर कच्ची कॉलोनियों को नियमित करने व बसे बसाए महानगर को नियमावली संसोधन कर राहत दिलाई जाए, जब तक उत्तर प्रदेश सरकार द्वारा जनहित मे अधिनियम संसोधन ना हो तब तक मेरठ के किसी गरीब की छत ना तोड़ी जाए।
आवास विकास परिषद पर निशाना साधते हुए कहा
अनुराग चौधरी ने आवास विकास परिषद पर निशाना साधते हुए कहा कि आवास विकास परिषद गजनी की तरह काम कर रहा है आबाद होती कॉलोनी पर नियम भूल जाता है और और जब व्यापारी अपने प्रतिष्ठान पर अपनी आजीविका चलाने लगता है तो इन्हे बाबा आदम के जमाने मे बने नियम याद आ जाते है और ये पूरे बसे बसाए क्षेत्र को तहस नहस कर देते है। अनुराग चौधरी ने बताया आवास विकास परिषद का सेटबैक नियम 1980 के दशक में बनाया गया था। आज आधुनिक युग में हवा, पानी के लिए बाजार में सैकड़ों विकल्प उपलब्ध हैं आवास विकास परिषद को सुप्रीम कोर्ट में नियमावली संसोधन कराकर अपना पक्ष रखना चाहिए था इससे हजारों परिवार आज सड़क पर आने से बच सकता था।

चीजों के दाम आसमान पर
अनुराग चौधरी ने बताया कि सरकार द्वारा गन्ना किसान का लगातार शोषण किया जा रहा है, सरकार एक ओर यूरिया, खाद, डीजल, आदि तमाम चीजों के दाम आसमान पर पहुँचा रही है और दूसरी ओर गन्ने का दाम महंगाई के अनुपात में लगातार घटा रही है। जिस कारण आज के दौर में खेती घाटे का सौदा साबित हो रही है। इस दौरान विनोद, विनेश, हर्ष चहल, मेजर सुरेन्द्र, वीरपाल, देशपाल, सुशील पटेल और ओंकार भदौड़ा आदि मौजूद रहे।



