इंदौर में विधवा महिला से 4.16 करोड़ की ठगी का आरोप, कारोबारी और साथियों पर केस दर्ज; धमकी देने का भी आरोप

इंदौर। मध्य प्रदेश के इंदौर में एक विधवा महिला से करीब 4 करोड़ 16 लाख रुपये की ठगी के आरोप में कारोबारी राजीव धाम और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया है। क्राइम ब्रांच और आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में की गई शिकायत की जांच के बाद पुलिस ने धोखाधड़ी, अमानत में खयानत और जान से मारने की धमकी देने सहित संबंधित धाराओं में प्राथमिकी दर्ज की है।
पुलिस के मुताबिक, 58 वर्षीय मनमीत कौर की शिकायत पर गुरुवार को एबी रोड निवासी राजीव धाम और उसके साथियों के खिलाफ मामला दर्ज किया गया। आरोप है कि संपत्ति विवाद में कोर्ट से राहत दिलाने और समझौता कराने का भरोसा देकर महिला से करोड़ों रुपये कारोबारी की विज्ञापन फर्म के बैंक खाते में जमा करवाए गए। बाद में रकम लौटाने से इनकार कर दिया गया।
पारिवारिक संपत्ति विवाद के बीच कारोबारी ने दिया भरोसा
शिकायत के अनुसार, मनमीत कौर का अपने जेठ के साथ पारिवारिक संपत्ति को लेकर विवाद चल रहा था। इसी दौरान राजीव धाम ने अपनी ऊंची पहुंच का हवाला देते हुए दावा किया कि पुलिस, न्याय विभाग और प्रशासन में उसकी पहचान है।
आरोप है कि कारोबारी ने मध्यस्थता के जरिए विवाद सुलझाने और कोर्ट से राहत दिलाने का भरोसा दिया। इसके बाद मनमीत कौर ने वर्ष 2015 से 2022 के बीच कुल 4 करोड़ 16 लाख रुपये राजीव धाम की विज्ञापन फर्म के एक बैंक खाते में ट्रांसफर किए।
26 लाख रुपये लौटाए, 3.90 करोड़ बाकी होने का आरोप
शिकायत में महिला ने आरोप लगाया कि कारोबारी ने कुल रकम में से केवल 26 लाख रुपये वापस किए। इसके बाद करीब 3 करोड़ 90 लाख रुपये की रकम वापस नहीं की गई।
वर्ष 2025 में पीड़िता की सास के निधन के बाद जब उन्होंने बकाया रकम लौटाने की मांग की, तो आरोप है कि राजीव धाम ने पैसे देने से इनकार कर दिया। महिला का आरोप है कि रकम वापस मांगने पर उसे धमकियां भी दी गईं।
पिस्टल और रसूख का हवाला देकर धमकाने का आरोप
मनमीत कौर ने पुलिस को दिए बयान में आरोप लगाया कि कारोबारी ने पिस्टल और बंदूकों का डर दिखाकर उसे धमकाया। शिकायत के मुताबिक, राजीव धाम ने शासन-प्रशासन में अपनी पहुंच का हवाला देते हुए कथित तौर पर कहा कि उसके खिलाफ जाने पर वह मामले को प्रभावित करवा सकता है।
महिला ने यह भी आरोप लगाया कि कारोबारी ने अपनी दबंग छवि दिखाते हुए शहर के बड़े गुंडे-बदमाशों की जमानत कराने की बात कही और उसे गंभीर परिणाम भुगतने की धमकी दी।
EOW में भी की थी शिकायत
लगातार मानसिक प्रताड़ना और कथित धमकियों से परेशान होकर मनमीत कौर ने आर्थिक अपराध प्रकोष्ठ (EOW) में भी शिकायत की थी। क्राइम ब्रांच और EOW में शिकायत मिलने के बाद हुई जांच में सामने आए तथ्यों के आधार पर अब क्राइम ब्रांच ने राजीव धाम और उसके साथियों के खिलाफ प्राथमिकी दर्ज की है। पुलिस अब बैंक खातों में हुए लेन-देन, संपत्ति विवाद और शिकायत में लगाए गए अन्य आरोपों की जांच कर रही है।



