देहरादून: उत्तराखंड के पूर्व मुख्यमंत्री मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी (सेवानिवृत्त) को बुधवार को भाजपा प्रदेश कार्यालय में भावभीनी श्रद्धांजलि दी गई। बलवीर रोड स्थित भाजपा कार्यालय में मुख्यमंत्री श्री पुष्कर सिंह धामी ने उनके पार्थिव शरीर पर पुष्प चक्र अर्पित कर नम आंखों से अंतिम विदाई दी। इस दौरान मुख्यमंत्री ने पार्थिव शरीर को कंधा देकर श्रद्धांजलि अर्पित की।
श्रद्धांजलि कार्यक्रम के दौरान माहौल बेहद भावुक दिखाई दिया। भाजपा नेताओं, जनप्रतिनिधियों और कार्यकर्ताओं ने पूर्व मुख्यमंत्री को याद करते हुए उनके योगदान को नमन किया।
मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने कहा कि मेजर जनरल भुवन चंद्र खंडूड़ी का संपूर्ण जीवन अनुशासन, सादगी, ईमानदारी और राष्ट्रसेवा के मूल्यों को समर्पित रहा। उन्होंने कहा कि उत्तराखंड के विकास और जनसेवा में उनका योगदान हमेशा याद किया जाएगा।
मुख्यमंत्री ने पूर्व मुख्यमंत्री के निधन को राज्य के लिए अपूरणीय क्षति बताते हुए कहा कि उन्होंने अपने सार्वजनिक जीवन में साफ-सुथरी राजनीति और पारदर्शी प्रशासन की मिसाल पेश की। उनके व्यक्तित्व और कार्यशैली से आने वाली पीढ़ियां प्रेरणा लेती रहेंगी।
इस दौरान विधानसभा अध्यक्ष श्रीमती रितु खंडूरी भूषण, भाजपा महामंत्री (संगठन) श्री अजेय कुमार, कैबिनेट मंत्री डॉ. धन सिंह रावत, श्री खजान दास, पूर्व मुख्यमंत्री श्री तीरथ सिंह रावत, मेयर श्री सौरभ थपलियाल, महानगर अध्यक्ष श्री सिद्धार्थ अग्रवाल समेत कई जनप्रतिनिधि और भाजपा कार्यकर्ता मौजूद रहे।
भाजपा प्रदेश कार्यालय में बड़ी संख्या में पहुंचे लोगों ने पूर्व मुख्यमंत्री को श्रद्धासुमन अर्पित कर अंतिम विदाई दी। पूरे परिसर में शोक और सम्मान का माहौल देखने को मिला।




