उत्तर प्रदेशराज्यलखनऊ

उपराज्यपाल बनने पर डॉ.दिनेश शर्मा को दी बधाई

लखनऊ : डॉ. दिनेश शर्मा को अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह का उपराज्यपाल नियुक्त किए जाने पर पर्यावरणविद् एवं स्कूल ऑफ मैनेजमेंट साइंसेस, लखनऊ के महानिदेशक (तकनीकी) प्रो. भरत राज सिंह ने हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं प्रेषित की हैं। उन्होंने यह शुभकामना विराम-5 के निवासियों तथा अपनी व्यक्तिगत एवं पारिवारिक ओर से व्यक्त की। प्रो.भरत राज सिंह ने कहा कि दिनेश शर्मा को राष्ट्रसेवा के इस महत्वपूर्ण दायित्व के लिए चुना जाना अत्यंत प्रसन्नता एवं गौरव का विषय है।

उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि श्री शर्मा के दूरदर्शी नेतृत्व एवं पर्यावरण-अनुकूल विकास के प्रति प्रतिबद्धता से अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह विकास की नई ऊंचाइयों को प्राप्त करेगा। उन्होंने अपने पुराने संस्मरण को साझा करते हुए बताया कि 05 अगस्त 2016 को दिनेश शर्मा ने लखनऊ स्थित उनके निवास की छत पर स्थापित लखनऊ के प्रथम रूफटॉप सोलर संयंत्र का औपचारिक उद्घाटन किया था। उस अवसर पर अक्षय ऊर्जा के विस्तार, कार्बन उत्सर्जन में कमी तथा पर्यावरण संरक्षण को लेकर जिस संकल्प की शुरुआत हुई थी, वह आज निरंतर साकार हो रहा है।

प्रो.सिंह ने कहा कि यह गर्व का विषय है कि उत्तर प्रदेश आज देश में अक्षय ऊर्जा के विस्तार एवं स्थापना के क्षेत्र में अग्रणी भूमिका निभा रहा है। उन्होंने उम्मीद जताई कि श्री शर्मा का पर्यावरण संरक्षण और सतत विकास के प्रति दृष्टिकोण उनके नए दायित्व में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाएगा। अंत में प्रो. भरत राज सिंह ने ईश्वर से प्रार्थना करते हुए कहा कि राष्ट्रसेवा के इस नवीन दायित्व में दिनेश शर्मा को शक्ति, सामर्थ्य, उत्तम स्वास्थ्य एवं यश प्राप्त हो तथा उनके कुशल नेतृत्व में अंडमान एवं निकोबार द्वीपसमूह प्रगति और विकास की नई ऊंचाइयों को स्पर्श करे।

Related Articles

Back to top button