बिहारराज्य

बिहार : भागलपुर के सरकारी स्कूल में सिलेंडर ब्लास्ट, प्रधान शिक्षक समेत कई झुलसे

भागलपुर : बिहार के भागलपुर में एक स्कूल में शुक्रवार को सिलेंडर ब्लास्ट होने से कई लोग झुलस गए। यह घटना नवगछिया के रंगरा प्रखंड के प्राथमिक विद्यालय मदरौनी में हुई। ब्लास्ट की आवाज सुनकर स्कूल में अफरा-तफरी का माहौल बन गया। घटना में रसोइया, प्रधान शिक्षक और एक सहायक बुरी तरह झुलस गए। सभी का भागलपुर के मायागंज स्थित JLNMCH अस्पताल में इलाज चल रहा है।

सूत्रों के मुताबिक, रंगरा चौक प्रखंड अंतर्गत प्राथमिक विद्यालय मदरौनी में शुक्रवार को अचानक रसोई गैस का सिलेंडर में ब्लास्ट हो गया। इस धमाके के दौरान स्कूल का रसोइया व प्रधान शिक्षक समेत अन्य कुछ शिक्षक इसकी चपेट में आ गए। रसोइया व शिक्षक बुरी तरह झुलस गए हैं।

गैस सिलेंडर फटने से स्कूल के प्रधान शिक्षक मदरौनी निवासी इंद्रजीत सिंह (45 वर्ष), मदतपुर निवासी शिक्षक विपीन कुमार और मदरौनी निवासी रसोइया सविता देवी बुरी तरह झुलस गईं। तीनों को आनन-फानन में भागलपुर के JLNMCH अस्पताल पहुंचाया गया है जहां उनका इलाज जारी है।

स्थानीय सूत्रों की मानें तो स्कूल में खाना बनाने के दौरान गैस सिलेंडर में लीकेज होने से ब्लास्ट हुआ। इस हादसे में किसी बच्चे को कोई नुकसान नहीं पहुंचा। घटना को लेकर अस्पताल में मौजूद शिक्षक संतोष कुमार ने बताया कि गैस नहीं जल रहा था। रेगुलेटर लगाया जा रहा था. इसी क्रम में सिलेंडर ब्लास्ट कर गया. बताया कि जब घटना घटी तो स्कूल में करीब 80 बच्चे मौजूद थे। सभी बच्चे सुरक्षित हैं।

Related Articles

Back to top button