उत्तर प्रदेशटेक्नोलॉजीमेरठसहारनपुर

डेयरी कॉन्क्लेव : स्वदेशी नस्ल के गो पालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था का होगा विकास-मुकेश मेश्राम

मेरठ में डेयरी कॉन्क्लेव-स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम का आयोजन

मेरठ: डेयरी कॉन्क्लेव–स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम (स्वदेशी उन्नत गौवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य, खुशहाल उत्तर प्रदेश) का मंगलवार को अटल सभागार, चौ. चरण सिंह विश्वविद्यालय मेरठ में आयोजन किया गया। कार्यक्रम के मुख्य अतिथि मुकेश कुमार मेश्राम, अपर मुख्य सचिव द्वारा कार्यक्रम में आए अतिथियों का स्वागत करते हुए अपने संबोधन में वर्तमान परिदृश्य में स्वदेशी नस्ल के गौपालन से ग्रामीण अर्थव्यवस्था के विकास के संबंध में प्रस्तुतीकरण दिया। इसके बाद दुग्ध विकास विभाग में संचालित विभिन्न योजनाओं के बहुआयामी लाभों पर प्रकाश डालते हुए इन योजनाओं से पशुपालकों/गौपालकों के जीवन स्तर में आने वाले बदलावों पर विस्तृत चर्चा की गई।

प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य
कार्यक्रम में धनलक्ष्मी के. दुग्ध आयुक्त द्वारा स्वागत संबोधन के साथ अवगत कराया गया कि प्रदेश दुग्ध उत्पादन में देश का अग्रणी राज्य है तथा इस स्थिति को बनाए रखने हेतु राज्य सरकार द्वारा अनेक महत्वपूर्ण योजनाओं के माध्यम से किसानों को सुनिश्चित बाजार, पारदर्शी मूल्य निर्धारण और स्थायी आय प्रदान की जा रही है, जिससे ग्रामीण अर्थव्यवस्था को मजबूत आधार प्राप्त हुआ है। इसी परिप्रेक्ष्य में विभाग द्वारा दुग्ध उत्पादकों को गुणवत्तायुक्त दुग्ध उत्पादन हेतु नन्द बाबा दुग्ध मिशन एवं उपभोक्ताओं को वैश्विक स्तर के गुणवत्तायुक्त दूध एवं दुग्ध उत्पाद उपलब्ध कराने के लिए उप्र दुग्धशाला विकास एवं दुग्ध उत्पादन प्रोत्साहन नीति-2022 लागू की गई है अर्थात “गौ से ग्राहक तक” की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जा रही है।

72 परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ
आज डेयरी क्षेत्र उत्तर प्रदेश की ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है। विभाग द्वारा दुग्ध विकास क्षेत्र में कुल 25 हजार करोड़ रुपये से अधिक के 796 एमओयू संपादित किए गए हैं, जिससे 60 हजार से अधिक रोजगार सृजित होंगे। ग्राउंड ब्रेकिंग सेरेमनी-5.0 के अंतर्गत डेयरी सेक्टर में 2 हजार करोड़ रुपये की 72 परियोजनाओं का शुभारंभ हुआ है, जिससे लगभग 4000 रोजगार सृजित हुए हैं।

नन्द बाबा दुग्ध मिशन के लाभार्थियों को लाभ
विगत वर्षों में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के अंतर्गत 10 हजार से अधिक लाभार्थियों को 84 करोड़ रुपये की धनराशि अनुदान के रूप में डीबीटी के माध्यम से वितरित की गई है। साथ ही 4000 से अधिक प्राथमिक दुग्ध सहकारी समितियों का गठन करते हुए लगभग 1.50 लाख दुग्ध उत्पादकों को जोड़ा गया है।
इसके अतिरिक्त विभाग के 50 वर्षों के इतिहास और नवाचार से अवगत कराते हुए दुग्ध उत्पादकों की आय दोगुनी करने के साथ-साथ आत्मनिर्भर बनाने में दुग्ध विकास अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाता रहेगा।
कार्यक्रम में नन्द बाबा दुग्ध मिशन के लाभार्थियों द्वारा अपनी सफलता की गाथा साझा की गई तथा अमूल, मदर डेयरी, आनंदा, अरविन्द डेयरी के प्रतिनिधियों द्वारा प्रस्तुतिकरण किया गया। साथ ही श्रीमती निहारिका तिवारी (Edge Marketing Pvt. Ltd.) एवं श्री असीम रावत (हेथा ऑर्गेनिक) द्वारा नवाचार के संबंध में अपने अनुभव साझा किए गए।

उन्नत स्वस्थ गौवंश को बढ़ावा
उत्तर प्रदेश में उन्नत स्वस्थ गौवंश को बढ़ावा देने हेतु, प्रदेश की अर्थव्यवस्था को वन ट्रिलियन डॉलर इकॉनमी बनाने हेतु, दुग्धशाला विकास विभाग द्वारा संचालित नन्द बाबा दुग्ध मिशन, उत्तर प्रदेश दुग्धशाला विकास एवं दुग्ध उत्पादन प्रोत्साहन नीति-2022 के प्रचार-प्रसार तथा प्रदेश के डेयरी सेक्टर में पूंजी निवेश को आकर्षित करने के उद्देश्य से सम्पूर्ण उत्तर प्रदेश में मंगलवार “Dairy Conclave – स्वर्णिम दुग्धामृत संवाद समागम (स्वदेशी उन्नत गौवंश, समृद्ध निवेश, सुरक्षित भविष्य, खुशहाल उत्तर प्रदेश)” कार्यशाला का आयोजन किया जा रहा है।

डेयरी ब्रांडों के स्टॉल लगाए
मेरठ में आयोजित कार्यक्रम में निजी एवं सहकारी डेयरी जैसे भारत स्कियर, मधुसूदन, आनंदा, मदर डेयरी, हरित प्रदेश, के.एस.एस. डेयरी, अरविन्द डेयरी तथा पराग जैसे बड़े ब्रांडों के स्टॉल लगाकर उनके उत्पादों का प्रदर्शन किया गया।

ये अधिकारीगण रहे उपस्थित
मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के वरिष्ठ अधिकारीगण सहित अन्य गणमान्य उपस्थित रहे। इस कार्यक्रम में मेरठ एवं सहारनपुर मंडल के कृषकों/गौपालकों/दुग्ध उत्पादकों/उद्यमियों/निवेशकों के लगभग 1000 से अधिक प्रतिभागियों ने भाग लिया। साथ ही वेबकास्टिंग/Live YouTube के माध्यम से प्रदेश के अन्य जनपदों के गौपालकों/उद्यमियों को जोड़कर विभिन्न योजनाओं, नवीनतम प्रौद्योगिकी, स्वदेशी नस्ल के गौ-पालन, ग्रामीण अर्थव्यवस्था के सुदृढ़ीकरण पर विचार-विमर्श एवं अन्य महत्वपूर्ण जानकारियां विषय विशेषज्ञों द्वारा साझा की गईं। आयोजन में विभाग की ओर से डॉ. राम सागर, मुख्य दुग्धशाला विकास अधिकारी, एपी सिंह, मुख्य दुग्धशाला विकास अधिकारी, नत्थू सिंह, दुग्धशाला विकास अधिकारी, मेरठ मंडल, राम शरण, रूपेश मिश्रा, अनुप पाण्डेय, अविनाश गुप्ता, आशुतोष सिन्हा एवं श्री दीपक राठौर द्वारा महत्वपूर्ण योगदान दिया गया। अंत में मुख्य दुग्धशाला विकास अधिकारी, दुग्धशाला विकास उप्र द्वारा धन्यवाद ज्ञापन के साथ कार्यक्रम का समापन किया गया।

Related Articles

Back to top button