महाराष्ट्रराज्य

अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद एकनाथ शिंदे एक्शन में, बाढ़ पर हाईलेवल बैठक कर दिए सख्त निर्देश

मुंबई: महाराष्ट्र के उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद राज्य में लगातार हो रही भारी बारिश और बाढ़ की स्थिति पर लगातार नजर बनाए हुए हैं। अस्पताल के बिस्तर से ही उन्होंने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से मुंबई, कोंकण और रायगढ़ समेत प्रभावित इलाकों की समीक्षा की और राहत एवं बचाव कार्यों में तेजी लाने के निर्देश दिए।

आईवी सपोर्ट के बीच की हाईलेवल समीक्षा बैठक

अधिकारियों के साथ हुई हाईलेवल बैठक में उपमुख्यमंत्री ने आईवी (सलाइन) सपोर्ट पर रहते हुए भारी बारिश से हुए नुकसान का विस्तृत आकलन किया। उन्होंने मंत्रियों और प्रशासनिक अधिकारियों से कहा कि प्रभावित क्षेत्रों में राहत कार्यों में किसी तरह की देरी नहीं होनी चाहिए और हर जरूरतमंद तक तत्काल सहायता पहुंचाई जाए।

महाराष्ट्र में पिछले चार दिनों से लगातार हो रही मूसलाधार बारिश के कारण मुंबई, ठाणे, पुणे और कोंकण क्षेत्र सबसे अधिक प्रभावित हुए हैं। कई इलाकों में जनजीवन अस्त-व्यस्त है, जबकि कोंकण की नदियां खतरे के निशान के ऊपर बह रही हैं। रायगढ़ जिले में भी हालात गंभीर बने हुए हैं।

अस्पताल से ही राहत कार्यों की कर रहे निगरानी

अस्पताल में भर्ती होने के बावजूद एकनाथ शिंदे लगातार राहत और बचाव कार्यों की निगरानी कर रहे हैं। उन्होंने शिवसेना के पदाधिकारियों, मंत्रियों, विधायकों और सांसदों को प्रभावित क्षेत्रों में सक्रिय रहने के निर्देश दिए हैं।

सोमवार सुबह उन्होंने एक और वीडियो कॉन्फ्रेंस के जरिए जिलेवार बाढ़ की स्थिति की समीक्षा की। इस दौरान राहत सामग्री की उपलब्धता, जमीनी स्तर पर चल रहे कार्यों और जनप्रतिनिधियों की सक्रियता का भी आकलन किया गया। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से प्रभावित इलाकों का दौरा कर लोगों की समस्याएं सुनने और प्रशासन के साथ मिलकर तत्काल सहायता सुनिश्चित करने को कहा।

रायगढ़ और रत्नागिरी के मंत्रियों को दिए विशेष निर्देश

उपमुख्यमंत्री ने रायगढ़ और रत्नागिरी के प्रभारी मंत्रियों भरत गोगावले, योगेश कदम और उदय सामंत को विशेष निर्देश जारी किए। उन्होंने महाड और रायगढ़ जिले के जलभराव वाले इलाकों पर लगातार नजर रखने तथा प्रभावित क्षेत्रों का स्वयं दौरा करने को कहा।

साथ ही निर्देश दिए गए कि फंसे हुए लोगों को सुरक्षित स्थानों तक पहुंचाने के लिए राहत एजेंसियों के साथ समन्वय बनाकर तेजी से काम किया जाए।

मुंबई में पेड़, मैनहोल और भूस्खलन को लेकर भी निर्देश

मुंबई के प्रभारी मंत्री के तौर पर एकनाथ शिंदे ने अस्पताल से ही बृहन्मुंबई महानगरपालिका आयुक्त अश्विनी भिड़े के साथ वर्चुअल बैठक की। उन्होंने शहर में मॉनसून से निपटने की तैयारियों की समीक्षा करते हुए सभी अधिकारियों को फील्ड में सक्रिय रहने और स्थानीय स्तर पर मिलने वाली शिकायतों का तत्काल समाधान करने के निर्देश दिए।

हाल के दिनों में पेड़ गिरने की बढ़ती घटनाओं को देखते हुए उन्होंने खतरनाक और झुके हुए पेड़ों को तत्काल हटाने का आदेश दिया। इसके अलावा खुले मैनहोल सुरक्षित करने और भूस्खलन की आशंका वाले क्षेत्रों का विस्तृत निरीक्षण कराने के भी निर्देश दिए।

नागोठाने भूस्खलन के बाद मंत्री मौके के लिए रवाना

नागोठाने क्षेत्र में भूस्खलन की सूचना मिलने के बाद उपमुख्यमंत्री के निर्देश पर मंत्री भरत गोगावले तत्काल रायगढ़ के लिए रवाना हुए। उन्हें मौके पर राहत और बचाव कार्यों की निगरानी करने तथा स्थिति का विस्तृत आकलन कर रिपोर्ट सौंपने के निर्देश दिए गए हैं।

स्वास्थ्य में सुधार, फिर भी लगातार निभा रहे जिम्मेदारी

थकान और गले में संक्रमण की शिकायत के चलते उपमुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे पिछले तीन दिनों से अस्पताल में भर्ती हैं। अधिकारियों के अनुसार उनकी हालत अब स्थिर है और स्वास्थ्य में लगातार सुधार हो रहा है।

हाल ही में सामने आई उनकी वर्चुअल बैठक की तस्वीरों में वह दोनों हाथों में सलाइन लगी होने के बावजूद अधिकारियों के साथ बैठक करते और राज्य के हालात की समीक्षा करते दिखाई दिए।

Related Articles

Back to top button