टॉप न्यूज़राज्यराष्ट्रीय

आज से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर रहेंगे इन अस्पतालों के डॉक्टर्स, ओपीडी-इमरजेंसी में ड्यूटी देने से किया मना

नई दिल्ली: दिल्ली के कई बड़े अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर शुक्रवार से हड़ताल पर रहेंगे। इस दौरान इमरजेंसी सेवाएं प्रभावित रहने से मरीजों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ सकता हैं। रेजिडेंट डॉक्टरों ने ओपीडी, इमरजेंसी और वार्ड में ड्यूटी देने से साफ इनकार कर दिया है। स्वास्थ्य सेवाएं बरकरार रखने के लिए वरिष्ठ डॉक्टरों की ड्यूटी लगाई गई है लेकिन एक सप्ताह पहले हुई हड़ताल के दौरान वरिष्ठ डॉक्टर न ओपीडी में दिखाई दिए थे और न इमरजेंसी में मिले। इसके चलते सफदरजंग अस्पताल से बाहर ले जाये गए दो मरीजों की मौत हो गई थी।

जीटीबी, सफदरजंग, आरएमएल, लोकनायक और जीबी पंत के रेजिडेंट डॉक्टरों ने नीट पीजी काउंसलिंग में देरी के चलते शुक्रवार सुबह नौ बजे से हड़ताल पर जाने की सूचना दी है। रेजिडेंट डॉक्टरों ने साफ तौर पर लिखा है कि वह किसी भी तरह की स्वास्थ्य सेवाओं में हिस्सेदारी नहीं लेंगे। दरअसल नीट पीजी काउंसलिंग का पूरा मामला अभी सुप्रीम कोर्ट में विचाराधीन है। कोर्ट की ओर से इस मसले की अगली सुनवाई आगामी छह जनवरी को होनी है लेकिन डॉक्टरों का विरोध पिछले एक महीने से चल रहा है।

बीते छह दिसंबर को जब दिल्ली के अस्पतालों में हड़ताल शुरू हुई तो केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्रालय ने अपने वकील के जरिए कोर्ट में सुनवाई को प्राथमिकता देने की अपील करते हुए डॉक्टरों से कुछ दिन का समय मांगा था। इसलिए नौ दिसंबर को डॉक्टरों ने एक सप्ता‌ह के लिए हड़ताल स्थगित भी की लेकिन बीते बुधवार फेडरेशन ऑफ रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (फोर्डा) ने देर रात बयान जारी करते हुए 17 दिसंबर से अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने की घोषणा की। फोर्डा ने देश के अलग अलग राज्यों में मौजूद रेजिडेंट डॉक्टरों से सहयोग भी मांगा है। इसी के चलते गुरुवार को राजधानी के अलग-अलग अस्पतालों के रेजिडेंट डॉक्टर्स एसोसिएशन (आरडीए) ने हड़ताल पर जाने की घोषणा की है।

Related Articles

Back to top button