सिवनी में चरित्र शंका बनी हत्या की वजह! आधी रात पत्नी पर कुल्हाड़ी से किया हमला, फिर खुद थाने पहुंचकर कबूला जुर्म

सिवनी: मध्य प्रदेश के सिवनी जिले में घरेलू विवाद ने खौफनाक रूप ले लिया। आदेगांव थाना क्षेत्र के ग्राम बोरिया में एक व्यक्ति ने चरित्र शंका और आपसी विवाद के चलते अपनी पत्नी की कुल्हाड़ी से हत्या कर दी। वारदात के बाद आरोपित खुद थाने पहुंचा और पुलिस के सामने अपना जुर्म स्वीकार कर लिया। पुलिस ने हत्या का मामला दर्ज कर उसे गिरफ्तार किया और न्यायालय में पेश करने के बाद जेल भेज दिया।
देर रात विवाद के बाद हुआ खूनी हमला
पुलिस के अनुसार 2-3 जुलाई की दरमियानी रात करीब दो बजे ग्राम बोरिया निवासी 45 वर्षीय संतराम मरकाम ने अपनी पत्नी कमला बाई से देर रात घर आने-जाने और कामकाज को लेकर पूछताछ की। बातचीत के दौरान दोनों के बीच विवाद बढ़ गया और मामला हाथापाई तक पहुंच गया।
आवेश में कुल्हाड़ी से किए कई वार
पुलिस की प्रारंभिक जांच के मुताबिक विवाद के दौरान संतराम मरकाम ने घर में रखी कुल्हाड़ी उठाकर पत्नी के सिर पर लगातार कई वार किए। गंभीर चोटों और अत्यधिक रक्तस्राव के कारण कमला बाई की मौके पर ही मौत हो गई।
हत्या के बाद सीधे थाने पहुंचा आरोपी
वारदात को अंजाम देने के बाद आरोपित स्वयं आदेगांव थाने पहुंचा और पूरी घटना की जानकारी पुलिस को दी। सूचना मिलते ही थाना प्रभारी आशीष धुर्वे पुलिस टीम के साथ घटनास्थल पर पहुंचे। पुलिस ने मौके का निरीक्षण कर पंचनामा तैयार किया और शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।
हत्या का मामला दर्ज, न्यायिक हिरासत में भेजा गया
पुलिस ने आरोपित के खिलाफ भारतीय न्याय संहिता (बीएनएस) की धारा 103(1) के तहत हत्या का मामला दर्ज किया है। गिरफ्तारी के बाद उसे न्यायालय में पेश किया गया, जहां से न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।
पुलिस टीम ने की कार्रवाई
इस कार्रवाई का नेतृत्व थाना प्रभारी आशीष धुर्वे ने किया। उनके साथ एएसआई सौरभ शर्मा, रजनीकांत दुबे, प्रधान आरक्षक संतोष मर्सकोले तथा आरक्षक ओमप्रकाश धुर्वे, सरवन मरकाम और नेकसिंह उइके भी शामिल रहे।



