उत्तर प्रदेश

साक्षी मिश्रा की शिकायत पर ससुरालियों पर दहेज उत्पीड़न की रिपोर्ट दर्ज

बरेली: प्रेम विवाह कर चर्चा में आईं भाजपा के एक वरिष्ठ नेता की बेटी साक्षी मिश्रा ने ससुरालियों पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है। आरोप है कि ससुराल वालों ने दहेज में कार और 10 लाख रुपयों की मांग की और मना करने पर मारपीट की। एसएसपी के आदेश पर थाना इज्जतनगर पुलिस ने ससुर समेत छह लोगों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की है।

साक्षी मिश्रा ने चार साल पहले वीर सावरकरनगर निवासी अजितेष से प्रेम विवाह किया था। अब साक्षी ने ससुर हरीश कुमार नायक, सौतेली सास शीला, जेठ अभिषेक कुमार, ननद अंवतिका रानी, जेठानी गुंजन अग्रवाल, जेठ अभिषेक कुमार और दादी सास सुशीला देवी पर दहेज मांगने का आरोप लगाया है। साक्षी ने पुलिस को दिए शिकायती पत्र में बताया कि आरोपी उन पर पिता से दस लाख रुपये व कार लाने का दबाव बना रहे हैं। दहेज न लाने पर मकान खाली करने का दबाव बना रहे हैं।

आरोप है कि कई बार सामान फेंकने की कोशिश की। जब वह आठ माह की गर्भवती थीं, तब ननद और ससुर ने मारपीट की थी। दादी सास और सौतेली सास पर गाली गलौज करने और चरित्र पर उंगली उठाने का आरोप लगाया। बताया कि 18 फरवरी को जब उनके सुरक्षा कर्मी खाना खाने के लिए गए थे, तब शाम 5.30 बजे ससुर हरीश कुमार, जेठ अभिषेक कुमार और शील कुमार ऊपर आए और गाली गलौज करने लगे। आरोप है कि सभी ने कहा कि तुम्हारे पिता विधायक नहीं रहे और अब कुछ नहीं कर पाओगी।

साक्षी मिश्रा द्वारा लगाए गए आरोप पर ससुर हरीश नायक का कहना है कि उनके बेटे-बहू पूरे मकान पर कब्जा करना चाहते हैं। उन्हें दबाव में लेने के लिए फर्जी आरोप लगाए गए हैंसाक्षी मिश्रा के ससुर हरीश नायक ने बताया कि उनका बेटा अजितेश पत्नी के साथ पूरे परिवार को परेशान कर रहा है। वह उनके खर्च पर रह रहा है, फिर भी मकान को लेकर विवाद खड़े कर रहा है। ऐसा ही व्यवहार अपने पिता के साथ किया था। उन्हें तो उनके प्रेम विवाह के बारे में भी पता नहीं था।

Related Articles

Back to top button