स्पोर्ट्स

भारतीय हैपकिडो महासंघ के अध्यक्ष बने डा.आनन्देश्वर पाण्डेय, रुपकमल नंदी महासचिव

लखनऊ : देश में दक्षिण कोरिया की परंपरागत मार्शल आर्ट हैपकिडो का प्रसार काफी समय से है। इसकी लोकप्रियता को देखते हुए भारतीय हैपकिडो महासंघ का गठन किया गया है। नवगठित संघ के अध्यक्ष उत्तर प्रदेश के डा.आनन्देश्वर पाण्डेय (कोषाध्यक्ष, भारतीय ओलंपिक संघ) बनाए गए है। इसके साथ महासचिव पश्चिम बंगाल के रुपकमल नंदी और कोषाध्यक्ष उत्तर प्रदेश के अमनदीप यादव बनाए गए है। इस बारे में आयोजित प्रेसवार्ता में जानकारी देते हुए भारतीय हैपकिडो महासंघ के अध्यक्ष डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि हम फेडरेशन कप हैपकिडो चैंपियनशिप का आयोजन लखनऊ में कराएंगे। इस चैंपियनशिप के माध्यम से भारतीय हैपकिडो टीम का चयन किया जाएगा जो क्रोएशिया में होने वाली पांचवीं क्रोएशिया हैपकिडो ओपन चैंपियनशिप में देश का प्रतिनिधित्व करेगी। महासचिव रुपकमल नंदी व कोषाध्यक्ष अमनदीप यादव ने बताया कि संघ आने वाले समय में हैपकिडो का राष्ट्रीय सेमिनार कोलकाता में कराएगा ताकि इस खेल से खिलाड़ी व खेल प्रेमी परिचित हो सके।

अध्यक्ष डा.आनन्देश्वर पाण्डेय ने कहा कि फेडरेशन कप हैपकिडो चैंपियनशिप ओर सेमिनार की तारीखों की निकट भविष्य में घोषणा की जाएगी। महासचिव रुपकमल नंदी के अनुसार भारतीय हैपकिडो महासंघ की 21 राज्यों में इकाई है। हालांकि यह खेल काफी लंबे समय से देश में खेला जा रहा है लेकिन इस खेल को वो पहचान नहीं मिल सकी जिसका वो हकदार था। कोषाध्यक्ष अमनदीप यादव के अनुसार भारतीय हैपकिडो महासंघ के गठन के साथ ही राज्यों में भी इकाईयों का गठन किया जा रहा है ताकि इस खेल को गति मिल सके। आने वाले समय में भारतीय हैपकिडो महासंघ की कार्यकारिणी का विस्तार भी होगा। बताते चले कि हैपकिडो दक्षिण कोरिया की परंपरागत मार्शल आर्ट है। इस काम्बेट स्पोर्ट्स में किक, पंच, थ्रो व ग्रैपलिंग का प्रयोग किया जाता है। इस खेल के तीन अंग है जिसमें पहला फाइट (क्यूरगी), दूसरा आत्मरक्षा व तीसरा शस्त्र कला (वेपन के साथ) खेला जाता है।

भारतीय हैपकिडो महासंघ के पदाधिकारियों की सूची
अध्यक्ष : डा.आनन्देश्वर पाण्डेय (उत्तर प्रदेश)
उपाध्यक्ष: एलएम सिंह (मणिपुर), अमरीश पिपिल (उत्तर प्रदेश), राघवेंद्र सिंह रावत (उत्तराखंड)
महासचिव : रुपकमल नंदी (पश्चिम बंगाल)
संयुक्त सचिव : पपल (दिल्ली),
कोषाध्यक्ष: अमनदीप यादव (उत्तर प्रदेश)
कार्यकारिणी सदस्य : उपेंद्र कुमार अग्रवाल (झारखंड), गोपाल चंद्र राय (ओडिशा)

Related Articles

Back to top button