
नई दिल्ली: ब्रिक्स शिखर सम्मेलन के मद्देनजर दिल्ली पुलिस ने शनिवार रात के लिए कई प्रमुख सड़कों पर यातायात प्रतिबंध और मार्ग परिवर्तन की घोषणा की है। यातायात पुलिस की ओर से जारी परामर्श के मुताबिक, शनिवार रात 8:15 बजे से 11 बजे तक मध्य दिल्ली और आसपास के महत्वपूर्ण इलाकों में वाहनों की आवाजाही नियंत्रित रहेगी। भारत मंडपम और प्रगति मैदान के आसपास निषिद्ध क्षेत्र भी निर्धारित किया गया है।
इस दौरान मध्य दिल्ली की ओर जाने वाली कई प्रमुख सड़कों पर यातायात को नियंत्रित किया जाएगा और वाहनों को निर्धारित स्थानों से वैकल्पिक मार्गों की ओर मोड़ा जाएगा। पुलिस ने वाहन चालकों से प्रतिबंधित क्षेत्रों में जाने से बचने और यातायात पुलिस द्वारा सुझाए गए वैकल्पिक रास्तों का इस्तेमाल करने की अपील की है।
इन प्रमुख सड़कों पर रहेगा असर
शनिवार रात के प्रतिबंध से इंडिया गेट, कर्तव्य पथ, जनपथ, मंडी हाउस, तिलक मार्ग, भगवान दास रोड, मथुरा रोड और प्रगति मैदान के आसपास की सड़कें प्रभावित रहेंगी। भारत मंडपम में 12 और 13 सितंबर को ब्रिक्स शिखर सम्मेलन आयोजित किया जा रहा है।
मथुरा रोड और तिलक मार्ग पर भी बदलाव
यातायात परामर्श के अनुसार, डॉ. दिनेश नंदिनी डालमिया चौक पर मथुरा रोड और तिलक मार्ग की तरफ जाने वाले यातायात को अनुमति नहीं दी जाएगी। इस दिशा में जाने वाले वाहनों को बहादुरशाह जफर मार्ग, आईपी मार्ग या दिल्ली गेट की ओर मोड़ा जाएगा।
राम चरण अग्रवाल चौक (आईटीओ), मीर दर्द चौक और मध्य दिल्ली के आसपास के अन्य स्थानों पर भी यातायात व्यवस्था में बदलाव किया जाएगा।
कई अन्य इलाकों में भी यातायात प्रभावित
परामर्श के मुताबिक, कस्तूरबा गांधी मार्ग, जनपथ, कनॉट प्लेस, पटेल चौक, आरएमएल अस्पताल चौराहा, वंदे मातरम मार्ग, धौला कुआं, मोती बाग, अफ्रीका एवेन्यू, लोधी रोड, मथुरा रोड और रिंग रोड के आसपास भी यातायात व्यवस्था प्रभावित हो सकती है।
दिल्ली पुलिस ने हवाई अड्डे, रेलवे स्टेशन और आईएसबीटी की ओर जाने वाले यात्रियों को अतिरिक्त समय लेकर घर से निकलने की सलाह दी है। पुलिस ने लोगों से जहां संभव हो, सार्वजनिक परिवहन का इस्तेमाल करने की अपील की है।
मेट्रो सेवा रहेगी सामान्य
दिल्ली पुलिस के मुताबिक, मेट्रो के सभी स्टेशन पूरी तरह चालू रहेंगे। हवाई अड्डे की ओर जाने वाले लोगों से भी परामर्श अवधि के दौरान मेट्रो का इस्तेमाल करने का आग्रह किया गया है।
आपातकालीन और चिकित्सा वाहनों के लिए रास्ता बाधा मुक्त रखा जाएगा। आवश्यक सेवाओं से जुड़े वाहनों को भी निर्बाध आवाजाही की अनुमति दी जाएगी।
शुक्रवार को भी 35 से ज्यादा सड़कें प्रभावित रहीं
इससे पहले शुक्रवार को वीवीआईपी और वीआईपी आवाजाही के चलते 35 से अधिक सड़कों पर यातायात प्रभावित रहने का परामर्श जारी किया गया था। इसके तहत 22 स्थानों पर मार्ग परिवर्तन किए गए थे और ये प्रतिबंध दोपहर 2 बजे से रात 8:30 बजे तक लागू रहे।
प्रभावित सड़कों में सरदार पटेल मार्ग, मदर टेरेसा क्रिसेंट, तीन मूर्ति मार्ग, अकबर रोड, तीस जनवरी मार्ग, राजेश पायलट मार्ग, सुब्रमण्यम भारती मार्ग, मथुरा रोड, मोती लाल नेहरू मार्ग, डॉ. जाकिर हुसैन मार्ग, अफ्रीका एवेन्यू रोड, सत्य मार्ग, शांति पथ, जनपथ, अशोक रोड, बाराखंभा रोड, टॉलस्टॉय मार्ग, राजेंद्र सिंह फ्लाईओवर, नीति मार्ग, पंचशील मार्ग, कमाल अतातुर्क मार्ग, एपीजे अब्दुल कलाम रोड, प्रेस एन्क्लेव रोड, लाल बहादुर शास्त्री मार्ग, जोसेफ ब्रोज टीटो मार्ग और लाला लाजपत राय मार्ग शामिल थे।



