
लखनऊ में बिजली संकट से हाहाकार, कहीं जेई को बनाया बंधक तो कहीं प्रदर्शनकारियों पर दर्ज हुआ मुकदमा
लखनऊ: उत्तर प्रदेश की राजधानी लखनऊ भीषण गर्मी के बीच गंभीर बिजली संकट से जूझ रही है। शहर में बिजली व्यवस्था पूरी तरह चरमराती नजर आ रही है। बढ़ते तापमान के कारण ट्रांसफार्मर और एबीसी केबल अतिरिक्त लोड नहीं झेल पा रहे हैं, जबकि कई इलाकों में जर्जर तार टूटकर गिर रहे हैं। लगातार हो रही बिजली कटौती से लोगों का जनजीवन बुरी तरह प्रभावित हो गया है।
शहर के कई इलाकों में पूरी-पूरी रात बिजली गुल रहने से लोग सड़कों पर उतरने को मजबूर हो गए। हालात ऐसे हैं कि लोगों की नींद उड़ चुकी है और पेयजल संकट भी गहराने लगा है। बताया जा रहा है कि रातभर बिजली बाधित रहने से करीब तीन लाख से ज्यादा लोग प्रभावित हुए।
उपकेंद्रों पर फूटा लोगों का गुस्सा
लगातार बिजली संकट और अधिकारियों की अनदेखी से नाराज उपभोक्ताओं का गुस्सा अब सड़कों और उपकेंद्रों तक पहुंच गया है। एफसीआई उपकेंद्र के अंतर्गत आने वाले मुनेश्वर पुरम इलाके में दो दिनों से बिजली संकट झेल रहे लोगों ने आलमनगर ओवरब्रिज के पास सड़क जाम कर प्रदर्शन किया।
मौके पर पहुंची तालकटोरा पुलिस ने लोगों को समझाने की कोशिश की, लेकिन प्रदर्शनकारी नहीं माने। इसी दौरान एफसीआई उपकेंद्र के जूनियर इंजीनियर मौके पर पहुंचे, जहां उनकी प्रदर्शनकारियों से तीखी बहस हो गई। आरोप है कि गुस्साए लोगों ने जेई को बंधक बना लिया और उनकी कार के चारों टायर पंचर कर दिए।
बिजली कटौती से परेशान लोगों पर ही दर्ज हुआ मुकदमा
दूसरी ओर, भीषण गर्मी और लगातार फाल्ट से परेशान होकर लखनऊ-रायबरेली हाईवे जाम करने वाले करीब 150 लोगों के खिलाफ पुलिस ने मामला दर्ज कर लिया है। साउथ सिटी चौकी प्रभारी दुर्गेश सिंह की तहरीर पर दर्ज एफआईआर में सड़क जाम करने, सरकारी काम में बाधा डालने, पुलिसकर्मियों से अभद्रता और धमकी देने के आरोप लगाए गए हैं।
स्थिति को देखते हुए उतरेठिया उपकेंद्र पर अतिरिक्त पुलिस बल भी तैनात कर दिया गया है, ताकि कानून-व्यवस्था बनाए रखी जा सके।
शहीद पथ पर लगा लंबा जाम
गुरुवार सुबह उतरेठिया और अंबेडकर उपकेंद्र से जुड़ी बिजली समस्याओं से नाराज बलदेव विहार, मवैया और देवीखेड़ा समेत आसपास के इलाकों के सैकड़ों लोग शहीद पथ अंडरपास के नीचे रायबरेली रोड पर धरने पर बैठ गए। करीब एक घंटे तक सड़क जाम रहने से लंबा ट्रैफिक जाम लग गया।
जाम हटाने पहुंची पुलिस और प्रदर्शनकारियों के बीच कई बार धक्का-मुक्की की स्थिति भी बनी। स्थानीय लोगों का कहना है कि नीलमथा, तेलीबाग और आसपास के कई इलाकों में पिछले कई दिनों से बिजली व्यवस्था बदहाल है। बुधवार रात उपकेंद्रों पर हंगामे के बावजूद जब समस्या का समाधान नहीं हुआ, तब लोगों ने गुरुवार सुबह चक्काजाम कर विरोध प्रदर्शन किया।
गर्मी बढ़ने के साथ बिगड़ रहे हालात
राजधानी में बढ़ती गर्मी के साथ बिजली संकट और गंभीर होता जा रहा है। लगातार ओवरलोडिंग के चलते ट्रांसफार्मर फुंकने और फाल्ट की घटनाएं तेजी से बढ़ रही हैं। लोगों का आरोप है कि शिकायतों के बावजूद बिजली विभाग की ओर से समय पर राहत नहीं मिल रही, जिससे हालात और खराब हो रहे हैं।



