उत्तराखंड

बदरीनाथ धाम में गूंजी आस्था की अनुगूंज: कपाट खुलते ही 10 हजार श्रद्धालुओं ने किए दर्शन, पीएम मोदी के नाम से हुई पहली महाभिषेक पूजा

बदरीनाथ धाम में भगवान श्री बदरीनाथ के कपाट खुलते ही पूरा क्षेत्र भक्ति, आस्था और उल्लास के रंग में डूब गया। इस पावन अवसर पर देश-विदेश से पहुंचे करीब 10 हजार श्रद्धालुओं ने भगवान बद्री विशाल और अखंड ज्योति के दर्शन कर पुण्य लाभ अर्जित किया। कपाट उद्घाटन के इस शुभ मौके पर मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नाम से पहली महाभिषेक पूजा संपन्न कर देश और प्रदेश की सुख-समृद्धि की कामना की।

मंदिर परिसर में विधिवत पूजा-अर्चना

कपाट खुलने के बाद मुख्यमंत्री ने बदरीनाथ मंदिर परिसर में स्थित लक्ष्मी मंदिर, गणेश मंदिर और आदि गुरु शंकराचार्य गद्दी सहित अन्य मंदिरों में भी विधिवत पूजा-अर्चना की। पूरे धाम में वैदिक मंत्रोच्चार और धार्मिक अनुष्ठानों का माहौल बना रहा।

चारधाम यात्रा को लेकर सरकार की व्यापक तैयारी

मुख्यमंत्री ने धाम पहुंचे श्रद्धालुओं का स्वागत करते हुए यात्रा व्यवस्थाओं का फीडबैक भी लिया। उन्होंने कहा कि चारधाम यात्रा को सुरक्षित, सुगम और सुव्यवस्थित बनाने के लिए राज्य सरकार ने व्यापक स्तर पर तैयारियां की हैं। श्रद्धालुओं की सुविधा और सुरक्षा को ध्यान में रखते हुए हर स्तर पर व्यवस्थाएं मजबूत की गई हैं।

स्वच्छ और हरित यात्रा के लिए अपील

मुख्यमंत्री ने देश-विदेश से आने वाले श्रद्धालुओं से हरित और स्वच्छ चारधाम यात्रा में सहयोग करने की अपील की। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण का संदेश देते हुए कहा कि सभी लोग मिलकर इस पवित्र यात्रा को स्वच्छ और सुरक्षित बनाए रखें।

जागर और लोक संस्कृति से जीवंत हुआ धाम

कपाट खुलने के इस ऐतिहासिक अवसर पर माणा और बामणी गांव की महिलाओं ने पारंपरिक जागरों के साथ मंदिर परिसर में झुमैलो नृत्य प्रस्तुत किया। इससे पूरा धाम लोक संस्कृति और आस्था के रंग में सराबोर हो गया। वहीं देश के विभिन्न हिस्सों से आए श्रद्धालुओं ने भजन-कीर्तन कर अपनी श्रद्धा अर्पित की।

भंडारे का शुभारंभ, श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण

मुख्यमंत्री पुष्कर सिंह धामी ने धाम में संचालित भंडारे का रिबन काटकर शुभारंभ किया और श्रद्धालुओं के साथ प्रसाद ग्रहण किया। उन्होंने भंडारा संचालकों से संवाद कर व्यवस्थाओं की जानकारी ली और मानव सेवा ईश्वर सेवा उत्थान समिति द्वारा संचालित विशाल भंडारे की सराहना की।

इस अवसर पर जिलाधिकारी गौरव कुमार, पुलिस अधीक्षक सुरजीत सिंह पंवार, बीकेटीसी के सीईओ विशाल मिश्रा, उपाध्यक्ष ऋषि प्रसाद सती, रावल अमरनाथ नंबूदरी, मुख्य प्रशासनिक अधिकारी गिरीश चौहान, मंदिर अधिकारी राजेंद्र चौहान, नायब रावल सूर्यराग नंबूदरी, धर्माधिकारी स्वयंबर सेमवाल, वेदपाठी रविंद्र भट्ट, आचार्य वाणी विलास डिमरी सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति और बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button