राष्ट्रीय

पश्चिम बंगाल में चुनावी संग्राम तेज, पीएम मोदी ने कृष्णानगर रैली में ममता सरकार पर बोला तीखा हमला, कहा– “झालमुड़ी मैंने खाई, झाल टीएमसी को लगी”

कोलकाता: पश्चिम बंगाल में विधानसभा चुनाव का माहौल पूरी तरह गरमाया हुआ है। पहले चरण के तहत 152 सीटों पर मतदान जारी है, जबकि दूसरे चरण की 142 सीटों के लिए चुनावी प्रचार चरम पर पहुंच चुका है। इसी बीच प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने कृष्णानगर में एक विशाल जनसभा को संबोधित करते हुए मुख्यमंत्री ममता बनर्जी और तृणमूल कांग्रेस सरकार पर जमकर निशाना साधा।

टीएमसी पर पीएम मोदी का तीखा तंज
जनसभा के दौरान पीएम मोदी ने चुटीले अंदाज में कहा, “झालमुड़ी मैंने खाई है लेकिन झाल टीएमसी को लगी है।” उन्होंने आगे कहा कि 4 मई को पश्चिम बंगाल में भाजपा-एनडीए की जीत का उत्सव मनाया जाएगा, मिठाई बांटी जाएगी और झालमुड़ी भी वितरित की जाएगी। प्रधानमंत्री ने मतदाताओं से अपील करते हुए कहा कि लोकतंत्र के इस पर्व को उत्साह के साथ मनाते हुए रिकॉर्ड मतदान किया जाए।

हिंसा और चुनावी माहौल पर बयान
प्रधानमंत्री मोदी ने दावा किया कि पिछले 50 वर्षों में यह पहला चुनाव है जिसमें हिंसा सबसे कम देखने को मिली है। उन्होंने कहा कि पहले हर सप्ताह हिंसा की घटनाएं होती थीं, जिन्हें गलत तरीके से आत्महत्या बताया जाता था। पीएम ने चुनाव आयोग की भूमिका की सराहना करते हुए कहा कि आयोग ने बंगाल में लोकतंत्र की गरिमा को बनाए रखते हुए शांतिपूर्ण मतदान सुनिश्चित किया है। उन्होंने मतदान प्रक्रिया में लगे सरकारी कर्मचारियों की भी प्रशंसा की।

मतदान को लेकर बड़ा दावा
पीएम मोदी ने कहा कि अब तक की जानकारी के अनुसार इस बार मतदान पुराने सभी रिकॉर्ड तोड़ रहा है। उन्होंने कहा कि कृष्णानगर में भय पर भरोसे की जीत का माहौल दिख रहा है और लोग खुलकर अपनी आवाज उठा रहे हैं। गांव-गांव और शहरों में बदलाव की लहर दिखाई दे रही है।

टीएमसी शासन पर विकास का आरोप
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि जनता ने 15 साल पहले वामपंथ के खिलाफ आवाज उठाई थी और अब वही जनता टीएमसी के कथित ‘जंगलराज’ के खिलाफ खड़ी है। उन्होंने कहा कि यह चुनाव किसी दल का नहीं बल्कि बंगाल की जनता का चुनाव है। पीएम ने कहा कि जहां अधिक मतदान हुआ है, वहां भाजपा को मजबूत समर्थन मिला है और उन्होंने बंगाल में भाजपा की जीत का विश्वास जताया।

उद्योग और विकास पर सवाल
टीएमसी सरकार पर निशाना साधते हुए पीएम मोदी ने कहा कि पार्टी ने 10 लाख एमएसएमई और हजारों उद्योग लगाने का वादा किया था, लेकिन वास्तविकता में कई फैक्ट्रियां बंद हो गईं और जूट मिलें भी ठप हैं। उन्होंने यह भी कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं को लेकर समस्याएं बनी हुई हैं और एम्स कल्याणी के निर्माण में भी बाधाएं आईं, जिसे भाजपा ने पूरा कराया।

घुसपैठ और सीएए पर बयान
प्रधानमंत्री ने आरोप लगाया कि टीएमसी घुसपैठियों को बढ़ावा देती है, जबकि भाजपा ‘सबका साथ, सबका विकास’ के सिद्धांत पर काम करती है। उन्होंने कहा कि 4 मई के बाद पश्चिम बंगाल में सुशासन की नई शुरुआत होगी। पीएम ने मातुआ और नामशूद्र समुदाय को भरोसा दिलाते हुए कहा कि उन्हें डरने की जरूरत नहीं है। उन्होंने नागरिकता संशोधन कानून का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार बनने पर नागरिकता देने की प्रक्रिया को और तेज किया जाएगा।

समाज के सभी वर्गों का जिक्र
पीएम मोदी ने कहा कि किसान, कर्मचारी, डॉक्टर, वकील, शिक्षक, दुकानदार, रिक्शा चालक और टैक्सी चालक सभी भयमुक्त और बेहतर व्यवस्था के लिए मतदान कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि पुलिस भी अब स्वतंत्र होकर जनता की मदद कर रही है और गुंडागर्दी के दबाव से बाहर आ चुकी है।

महिला आरक्षण पर आरोप
प्रधानमंत्री ने यह भी आरोप लगाया कि महिलाओं को आरक्षण देने वाले कानून को टीएमसी ने समर्थन नहीं दिया।

Related Articles

Back to top button