दिल्लीराज्य

फैमिली कोर्ट में भावुक पल! तलाक लेने पहुंचे पति-पत्नी ने बदला फैसला, गले लगकर रोए और फिर साथ रहने का लिया निर्णय

नई दिल्ली: राजधानी दिल्ली के तीस हजारी स्थित फैमिली कोर्ट से एक भावुक मामला सामने आया है, जिसने हर किसी को भावुक कर दिया। सोशल मीडिया पर वायरल हो रहे एक वीडियो में दावा किया जा रहा है कि तलाक की प्रक्रिया पूरी करने पहुंचे पति-पत्नी ने आखिरी वक्त पर अपना फैसला बदल दिया और एक-दूसरे को गले लगाकर साथ रहने का निर्णय कर लिया।

बताया जा रहा है कि कोर्ट परिसर में आमने-सामने आने के बाद दोनों के बीच भावनात्मक बातचीत हुई। वर्षों के मतभेद और दूरियां मानो एक पल में खत्म हो गईं। वायरल वीडियो में दोनों एक-दूसरे से लिपटकर रोते हुए दिखाई दे रहे हैं, जिसके बाद उन्होंने अपने रिश्ते को एक और मौका देने का फैसला किया।

वायरल दावों के अनुसार, दंपती ने तलाक की अर्जी भी फाड़ दी। हालांकि, अदालत में मामले की कानूनी स्थिति क्या है और क्या अर्जी आधिकारिक रूप से वापस ली गई है, इसकी अब तक कोई पुष्टि नहीं हो सकी है।

जानकारी के मुताबिक, शिखा सिंह और सौरभ की शादी वर्ष 2020 में हुई थी। शादी के कुछ समय बाद दोनों के रिश्तों में तनाव बढ़ने लगा और मामला अदालत तक पहुंच गया। शिखा ने अपने पति के खिलाफ दहेज उत्पीड़न का मामला दर्ज कराया था, जिसके बाद दोनों अलग होने की प्रक्रिया में थे।

इसी बीच घटनाक्रम ने उस समय नया मोड़ ले लिया जब शिखा के पिता की तबीयत अचानक बिगड़ गई। हार्ट अटैक आने के बाद उन्हें अस्पताल में भर्ती कराना पड़ा। बताया जाता है कि इसकी जानकारी मिलते ही सौरभ ने आगे बढ़कर मदद की और अपने ससुर को बेहतर इलाज के लिए गुरुग्राम के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया। इलाज के दौरान भी उन्होंने पूरा सहयोग किया।

परिजनों के अनुसार, इस घटना के बाद दोनों के बीच फिर से बातचीत शुरू हुई। समय के साथ रिश्तों में आई कड़वाहट कम होने लगी और एक-दूसरे के प्रति भरोसा दोबारा बनने लगा। अब सोशल मीडिया पर वायरल वीडियो को इसी घटनाक्रम से जोड़कर देखा जा रहा है, हालांकि इसकी स्वतंत्र रूप से पुष्टि नहीं हो पाई है।

Related Articles

Back to top button