अन्तर्राष्ट्रीय

पश्चिमी देशों की टिप्पणियों के बाद भड़के रूस का ऐलान, अब परमाणु हथियारों से करेगा सैन्य अभ्यास

मॉस्कोः पश्चिमी देशों की टिप्पणियों के बाद भड़के रूस ने परमाणु हथियारों के साथ सैन्य अभ्यास की योजना बनायी है। रक्षा मंत्रालय ने सोमवार को यह घोषणा की। रूस का यह कदम ऐसे समय सामने आया है, जब कुछ दिन पहले ही पश्चिमी देशों ने यूक्रेन के साथ युद्ध को लेकर मॉस्को के खिलाफ टिप्पणियां की थीं। रक्षा मंत्रालय ने एक बयान में कहा कि यह अभ्यास ‘‘रूस के संबंध में कुछ पश्चिमी देशों के अधिकारियों के भड़काऊ बयानों और धमकियों” के जवाब में है।

यह पहली बार है कि रूस ने सार्वजनिक रूप से परमाणु हथियारों से जुड़े अभ्यास की घोषणा की है। हालांकि, इसका सामरिक परमाणु बल नियमित रूप से अभ्यास करता रहता है। यह घोषणा यूक्रेन के पश्चिमी सहयोगियों के लिए एक चेतावनी प्रतीत होती है, जो दो साल से अधिक समय से जारी रूस-यूक्रेन युद्ध को लेकर लगातार गंभीर चिंता जता रहे हैं।

फ्रांस के राष्ट्रपति इमैनुएल मैक्रों ने पिछले सप्ताह दोहराया था कि वह यूक्रेन में सेना भेजने के विचार से इनकार नहीं कर रहे हैं। वहीं, ब्रिटेन के विदेश मंत्री डेविड कैमरन ने कहा कि कीव की सेना रूस के अंदर लक्ष्यों पर हमला करने के लिए ब्रिटेन के लंबी दूरी के हथियारों का उपयोग कर सकेगी।

Related Articles

Back to top button