
जेवर एयरपोर्ट से उड़ान भरना पड़ सकता है महंगा, इंडिगो के किरायों ने यात्रियों को किया हैरान
नोएडा। नोएडा इंटरनेशनल एयरपोर्ट (जेवर एयरपोर्ट) से 15 जून 2026 से कमर्शियल उड़ानों की शुरुआत होने जा रही है। इंडिगो इस नए एयरपोर्ट से सेवाएं शुरू करने वाली पहली एयरलाइन बनेगी। हालांकि संचालन शुरू होने से पहले ही एयरपोर्ट किरायों को लेकर चर्चा में आ गया है। कई प्रमुख रूटों पर जेवर एयरपोर्ट से हवाई यात्रा का किराया दिल्ली के इंदिरा गांधी इंटरनेशनल एयरपोर्ट (आईजीआई) की तुलना में अधिक सामने आया है, जिससे यात्रियों की चिंता बढ़ गई है।
शुरुआत में जेवर एयरपोर्ट को दिल्ली-एनसीआर के लोगों के लिए किफायती विकल्प के रूप में पेश किया गया था, लेकिन मौजूदा टिकट दरों ने यात्रियों को चौंका दिया है।
लखनऊ रूट पर सबसे ज्यादा किराया अंतर
इंडिगो के बुकिंग प्लेटफॉर्म पर उपलब्ध किरायों के अनुसार कई घरेलू रूटों पर जेवर एयरपोर्ट से सफर दिल्ली की तुलना में महंगा पड़ रहा है।
लखनऊ के लिए जेवर से टिकट करीब 5,401 रुपये का है, जबकि दिल्ली के आईजीआई एयरपोर्ट से यही टिकट लगभग 3,394 रुपये में उपलब्ध है। यानी दोनों के बीच करीब 2 हजार रुपये का अंतर है।
इसी तरह कोलकाता के लिए जेवर से किराया 7,123 रुपये बताया गया है, जबकि आईजीआई एयरपोर्ट से यह लगभग 5,894 रुपये और हिंडन एयरपोर्ट से करीब 5,930 रुपये है।
नवी मुंबई के लिए जेवर से किराया 7,256 रुपये जबकि आईजीआई से 6,760 रुपये है। वहीं बेंगलुरु और हैदराबाद रूट पर भी जेवर एयरपोर्ट का किराया थोड़ा अधिक देखा गया है।
टैक्सी किराया भी बढ़ाएगा यात्रियों का खर्च
जेवर एयरपोर्ट की दूरी दिल्ली-एनसीआर के कई हिस्सों से अधिक होने के कारण यात्रियों को टैक्सी किराये पर भी ज्यादा खर्च करना पड़ सकता है।
नोएडा सेक्टर-18 से जेवर एयरपोर्ट तक टैक्सी का किराया करीब 834 रुपये बताया गया है, जबकि इसी स्थान से आईजीआई एयरपोर्ट तक पहुंचने का खर्च लगभग 625 रुपये पड़ता है।
वहीं ग्रेटर नोएडा के परी चौक से जेवर एयरपोर्ट तक टैक्सी किराया करीब 559 रुपये है। कई यात्रियों का कहना है कि मौजूदा समय में दिल्ली एयरपोर्ट तक पहुंचना अधिक सस्ता और सुविधाजनक विकल्प नजर आता है।
सरकार ने दी थी टैक्स में बड़ी राहत
हवाई यात्रा को किफायती बनाने के लिए उत्तर प्रदेश सरकार ने एयरलाइंस को कई रियायतें दी थीं। राज्य सरकार ने एविएशन टर्बाइन फ्यूल (एटीएफ) पर वैट को 25 प्रतिशत से घटाकर सिर्फ 1 प्रतिशत कर दिया था।
इसके अलावा शुरुआती तीन महीनों के लिए यूजर डेवलपमेंट फीस (यूडीएफ) में 25 प्रतिशत तक की छूट भी दी गई। बावजूद इसके शुरुआती किरायों में बड़ी कमी देखने को नहीं मिली है।
दो चरणों में शुरू होंगी उड़ान सेवाएं
इंडिगो अपनी सेवाओं को दो चरणों में शुरू करेगी। पहले चरण में 15 जून से बेंगलुरु, हैदराबाद, अहमदाबाद, मुंबई, गोवा, लखनऊ, पटना, कोलकाता, चेन्नई, वाराणसी, जयपुर, देहरादून और चंडीगढ़ के लिए उड़ानें शुरू होंगी।
इसके बाद 1 जुलाई से दूसरे चरण में उड़ानों की संख्या बढ़ाई जाएगी और सुबह से देर शाम तक सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी।
कनेक्टिविटी और किराया बनेगी सबसे बड़ी चुनौती
एविएशन विशेषज्ञों का मानना है कि जब तक जेवर एयरपोर्ट तक सड़क और सार्वजनिक परिवहन की बेहतर कनेक्टिविटी विकसित नहीं होती और किराये प्रतिस्पर्धी नहीं बनाए जाते, तब तक यात्रियों को दिल्ली एयरपोर्ट छोड़कर जेवर की ओर आकर्षित करना आसान नहीं होगा।



