गंगा एक्सप्रेसवे पर भीषण सड़क हादसे में रालोद के पूर्व छात्र नेता आदित्य पवार की मौत, छात्रसंघ के पूर्व अध्यक्ष विजय सिंह राणा घायल
मृतक आदित्य पवार राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व छात्र सभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष थे।
Meerut News: मेरठ से प्रयागराज जाने वाले गंगा एक्सप्रेस वे पर हुए भीषण सड़क हादसे में रालोद के पूर्व छात्र नेता आदित्य पवार की मौत हो गई है। हादसे में उनके साथी चौधरी चरण सिंह विवि के पूर्व छात्र संघ अध्यक्ष विजय सिंह राणा गंभीर रूप से घायल हो गए हैं। हादसे के दौरान दोनों प्रयागराज से मेरठ लौट रहे थे। मृतक आदित्य पवार राष्ट्रीय लोकदल के पूर्व छात्र सभा के क्षेत्रीय अध्यक्ष थे। इस घटना मेरठ के राजनैतिक हलकों और छात्र संगठनों में शोक है।
रविवार देर रात हुआ हादसा
पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार हादसा देर रात दो बजे हुआ। शामली जनपद के घोसंगपुर गांव निवासी छात्र नेता आदित्य पवार साथी विजय सिंह राणा के साथ एक्सयूवी-700 से प्रयागराज से मेरठ लौट रहे थे। गंगा एक्सप्रेसवे पर एक्सयूवी की रफ्तार करीब 150 किमी प्रति घंटा थी। तेज रफ्तार एक्सयूवी खड़खड़ी टोल प्लाजा के कुछ दूरी बाद अनियंत्रित हो गई। इसके बाद एक्सयूवी डिवाइडर से टकराई और फिर विद्युत पोल से जा भिड़ी।
पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में पहुंचाया
मौके पर पहुंची पुलिस ने दोनों घायलों को अस्पताल में पहुंचाया जहां पर आदित्य को मृत घोषित कर दिया गया। जबकि विजय सिंह राणा का उपचार जारी है और उनकी हालत गंभीर है। पुलिस के अनुसार जांच में एक्सयूवी वाहन के किसी अन्य अज्ञात वाहन से टकराने के संकेत नहीं हैं। माना जा रहा है कि एक्सयूवी चालक को झपकी आने के बाद अचानक अनियंत्रित हो गई और हादसा हो गया। आदित्य पवार का पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जिसके बाद अंतिम संस्कार के लिए पैतृक गांव ले गए हैं। रालोद मेरठ जिलाध्यक्ष अनिकेत भारद्धाज समेत कई नेताओं और पूर्व छात्र नेताओं ने आदित्य पवार के निधन को संगठन के लिए अपूरणीय क्षति बताया।



