राज्य

चार लोगों की हत्या करने वाले पूर्व फौजी ने जेल में दी जान

गुड़गांव: गुरुग्राम के राजेंद्रा पार्क इलाके में 23 अगस्त 2021 रात को अपनी बहू समेत चार लोगों की हत्या करने के आरोपी पूर्व फौजी राव राय सिंह ने आज संदिग्ध परिस्थितियों में भोंडसी जेल में आत्महत्या कर ली। जेल प्रशासन द्वारा इस बारे में पुलिस को दी गई सूचना के बाद घटना की न्यायिक जांच के आदेश दिए गए हैं। पुलिस ने राव राय सिंह के परिजनों को भी सूचना दी गई और उसके बाद शव को पोस्टमॉर्टम के लिए भेज दिया गया। ज्ञात हो कि पूर्व फौजी रहे राव राय सिंह ने 23 अगस्त की देर रात अपनी बहू सुनीता यादव के साथ ही किरायेदार कृष्णा तिवारी, उनकी पत्नी अनामिका तिवारी, बेटी सुरभि और विधि के ऊपर हथियार से हमला किया था।

इसमें चार लोगों की मौके पर ही मौत हो गई थी, जबकि तीन वर्षीय विधि बच गई थी। वारदात के बाद आरोपी राव राय सिंह ने खुद ही हथियार के साथ थाने में सरेंडर कर दिया था। पुलिस को दिए बयान में आरोपी ने कहा था कि उसकी बहू सुनीता के किरायेदार के साथ अवैध संबंध थे, जिसके चलते समाज में उसकी काफी बेइज्जती हो रही थी। वहीं सुनीता के परिजनों द्वारा दर्ज कराए गए मामले में उन्होंने हत्या के पीछे आरोपी द्वारा जमीन हड़पने की साजिश को कारण बताया था। आरोपी हत्या की वारदात को अंजाम देने के बाद खुद थाने पहुंचा था। पुलिस ने अब आरोपी के खुदकशी करने को लेकर मामला दर्ज किया है और इसकी जांच कर रही है।

अन्य लोगों के शामिल होने का लगाया आरोप
पीड़ित पक्ष ने इस मामले में केवल पूर्व फौजी राव राय सिंह ही नहीं, बल्कि कई अन्य लोगों के भी शामिल होने का अंदेशा जताया था। उनका मानना था कि अकेला आदमी पांच लोगों के ऊपर हमला नहीं कर सकता है। वहीं, मामले में पुलिस अलग-अलग बिंदुओं पर जांच कर रही थी। इस हत्याकांड में पुलिस ने राव राय सिंह और उसकी पत्नी विमलेश को गिरफ्तार कर भोंडसी जेल भेज दिया था।

Related Articles

Back to top button