मध्य प्रदेशराज्य

MP के 68 सरकारी कॉलेजों में मुफ्त AI और FinTech with AI कोर्स, IIT दिल्ली के सहयोग से मिलेगा हाईटेक प्रशिक्षण

भोपाल: मध्य प्रदेश के सरकारी महाविद्यालयों में पढ़ने वाले विद्यार्थियों के लिए रोजगारोन्मुखी शिक्षा को बढ़ावा देने की दिशा में बड़ा कदम उठाया गया है। मुख्यमंत्री डॉ. मोहन यादव के निर्देश पर उच्च शिक्षा विभाग शैक्षणिक सत्र 2026-27 से प्रदेश के 68 शासकीय महाविद्यालयों में आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस (एआई) और फिनटेक विद एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स शुरू करने जा रहा है। इन पाठ्यक्रमों का संचालन आईआईटी दिल्ली के सहयोग से किया जाएगा और विद्यार्थियों से इसके लिए कोई शुल्क नहीं लिया जाएगा।

उच्च शिक्षा मंत्री इंदर सिंह परमार ने बताया कि यह पहल विद्यार्थियों को आधुनिक तकनीकी कौशल से जोड़ने और उन्हें उद्योगों की वर्तमान जरूरतों के अनुरूप तैयार करने के उद्देश्य से शुरू की जा रही है। इस योजना के तहत प्रदेश के 55 प्रधानमंत्री कॉलेज ऑफ एक्सीलेंस और 13 स्वशासी शासकीय महाविद्यालयों में यह सुविधा उपलब्ध होगी।

परंपरागत विषयों की पढ़ाई कर रहे विद्यार्थियों को भी आधुनिक तकनीक आधारित शिक्षा से जोड़ने के लिए यह कोर्स तैयार किया गया है। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में एआई और फिनटेक विद एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स के माध्यम से विद्यार्थियों को तकनीकी दक्षता प्रदान की जाएगी, जिससे उनके रोजगार की संभावनाएं बढ़ सकें।

2000 विद्यार्थियों को मिलेगा प्रशिक्षण

उच्च शिक्षा विभाग ने इस शैक्षणिक सत्र में 2,000 विद्यार्थियों को एआई और फिनटेक विद एआई के ऑनलाइन सर्टिफिकेट कोर्स के माध्यम से प्रशिक्षित करने का लक्ष्य तय किया है। पहले चरण में यह लक्ष्य 1,000 विद्यार्थियों का था, जिसे इस वर्ष बढ़ाकर दोगुना कर दिया गया है।

उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप होगा पाठ्यक्रम

इस सर्टिफिकेट कोर्स का उद्देश्य विद्यार्थियों को आधुनिक उद्योगों की मांग के अनुसार तैयार करना है। पाठ्यक्रम के माध्यम से उन्हें नई तकनीकों के उपयोग, नवाचार और डिजिटल अर्थव्यवस्था से जुड़े व्यावहारिक कौशल सिखाए जाएंगे, जिससे वे बदलते रोजगार बाजार में बेहतर अवसर हासिल कर सकें।

एआई, मशीन लर्निंग और डिजिटल बैंकिंग का मिलेगा व्यावहारिक ज्ञान

कोर्स के दौरान विद्यार्थियों को आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस, मशीन लर्निंग, डेटा एनालिटिक्स, डिजिटल बैंकिंग, ऑनलाइन भुगतान प्रणाली, साइबर सुरक्षा, वित्तीय प्रौद्योगिकी और एआई आधारित आधुनिक वित्तीय समाधानों का व्यावहारिक प्रशिक्षण दिया जाएगा। इससे वे बैंकिंग, फिनटेक कंपनियों, सूचना प्रौद्योगिकी, स्टार्टअप और डिजिटल वित्तीय सेवाओं जैसे क्षेत्रों में रोजगार के बेहतर अवसर प्राप्त कर सकेंगे।

Related Articles

Back to top button