अपराधआगराउत्तर प्रदेशराज्य

पति को खिलाई मौत की खीर, शव पर डाला नमक और बाथरूम में दबाया

पहले से रखी नींद की गोलियां खीर में मिला दीं। पति नशे में खीर खा गया।

Agra News: आगरा में पति सुरेंद्र की हत्या करने वाली पत्नी रूबी ने कई चौकाने वाले खुलासा किया है रूबी अपने पति की हरकतों से परेशान थी। हत्यारोपी रूबी ने पुलिस को पूछताछ के दौरान बताया कि वह पति की हत्या की योजना काफी दिन से बना रही थी। पति ने डिलीवरी बॉय का काम भी छोड़ दिया था। वह शराब पीकर लड़ाई करता था। खुद कोई काम नहीं करता था। रूबी जो रुपये कमाती थी, उन्हें भी पति सुरेंद्र शराब के लिए मांगता था। रूबी से रुपये नहीं मिलने पर पिटाई करता था। उसने बेटियों के साथ गलत व्यवहार शुरू कर दिया था। रोज की कलह को खत्म करने के लिए पति को मारने का प्लान बनाया।
फिल्म और वेब सीरीज देखकर बनाया हत्या का प्लान
फिल्मों और वेब सीरीज देखकर रूबी ने पति की हत्या का प्लान बनाया। रूबी ने पुलिस को बताया कि पड़ोस में मकान निर्माण कार्य चल रहा था। जहां पर मलबा डालने आए ट्राली वाले से मलबा मंगा लिया। इसके बाद उसने पहले फावड़े से बाथरूम का फर्श खोदा।
शव गलाने के लिए नमक डाला
पति की लाश को दबाने के लिए गड्ढा खोदा और उसके बाद घसीटते हुए पति की लाश बाथरूम में लेकर आई। शव गड्ढे में डाला और गलाने के लिए नमक डाल दिया। बाहर से बाल्टी में भरकर मलबा लाकर बाथरूम में डाला। इसके बाद धुरमुठ से मलबे को समतल कर दिया। बाथरूम में शौचालय सीट एक फीट ऊंची थी। मलबा डालने के बाद पूरी जमीन को एक लेबल में कर दिया।
500 रुपये में बाथरूम में बनवाया फर्श
खुद जाकर सीमेंट की बोरी, चंबल और बालू खरीदकर लाई। इसके बाद पड़ोसी की मदद से मिस्त्री से बात की। मिस्त्री अपने एक साथी के साथ आया और 500 रुपये लेकर एक घंटे में बाथरूम का फर्श बनाया।
पति ने पहले शराब पी और मीट खाया
पूछताछ में रूबी ने बताया कि पड़ोस में काम चल रहा था। 17 मई रात को पति बाजार से मीट लेकर आए। घर पर शराब पी और मीट खाया। इस दौरान पति गाली-गलौज कर रहे थे। पति को मीठा पसंद था। मीट खाने के बाद उसने खीर बनाई।
खीर में नींद की गोलियां मिलाईं
पहले से रखी नींद की गोलियां खीर में मिला दीं। पति नशे में खीर खा गया। कुछ देर बाद सो गया। तीन बजे नींद खुली तो उसने पहले पति की सांसें देखी। पति के मरने की पुष्टि के बाद सास कमला और अपनी बेटियों को जगाया। इसके बाद सास और बेटियों को जेठ के घर भेज दिया। पति कुछ दिन पहले भरतपुर निवासी मामा के घर गया था। जहां पर उसने हंगामा किया था। सास और बेटियों को मामा का फोन आने की जानकारी दी। मामा के भरतपुर पुलिस से शिकायत करने की बात बताकर जेठ के घर शाहगंज स्थित वायु विहार भेज दिया। उनके जाने के बाद दोबारा पति की मौत की पुष्टि की।
पति के कहीं चले जाने की कहानी बनाई
पूरी वारदात को अंजाम देने के बाद रूबी ने किसी को शक नहीं हो इसलिए घर पर ताला लगाकर खुद जेठ के घर चली गई। जहां पति के पुलिस के डर से कहीं चले जाने की कहानी बना दी। परिवार को शक न हो, इसलिए गुमशुदगी दर्ज करा दी।
मजदूरों से पुलिस ने की पूछताछ
पुलिस को हत्या में किसी अन्य के शामिल होने का शक था इसलिए पुलिस ने मिस्त्री को बुलाकर पूछताछ की। सख्ती से पूछा कि उन्हें मालूम था कि बाथरूम में शव दफन है। मजदूरों ने बताया कि उन्हें ऐसी कोई जानकारी नहीं थी। पूछताछ के बाद दोनों को निर्दोष पाने पर पुलिस ने उन्हें छोड़ दिया।
जानिए क्या था पूरा मामला
आगरा जनपद के थाना सिकंदरा के दहतोरा में एक महिला ने ने शराबी पति सुरेंद्र (44) की हत्या कर दी थी। इसके बाद पति के शव को घर के बाथरूम में दफना दिया और मिस्त्री को बुलाकर फर्श बनवा दिया। पुलिस के अनुसार, खीर में 20 से अधिक नींद की गोलियां मिलाकर हत्या की थी। हत्या के डेढ़ माह बाद पुलिस ने एक पुराने मामले में सत्यापन के लिए सुरेंद्र के घर पहुंची तो पत्नी रूबी घबरा गई। उसने पहले जेठ अनिल को बुलाया और पूरी वारदात की जानकारी दी। इसके बाद पुलिस को जानकारी दी गई। फर्श खोदकर पुलिस ने सुरेंद्र का कंकाल बरामद करते हुए पत्नी रूबी को गिरफ्तार कर लिया।

Related Articles

Back to top button