उत्तर प्रदेशराज्य

392 करोड़ की लागत से बन रहा गोरखपुर इंटरनेशनल क्रिकेट स्टेडियम, निर्माण कार्य ने पकड़ी रफ्तार

लखनऊ: गोरखपुर में निर्माणाधीन अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का काम तेजी से आगे बढ़ रहा है। करीब 392.94 करोड़ रुपये की लागत से तैयार हो रही इस परियोजना का लगभग 6.73 प्रतिशत निर्माण कार्य पूरा हो चुका है। खेल विभाग के अनुसार निर्माण कार्य निर्धारित समयसीमा के अनुरूप जारी है।

46 एकड़ में विकसित होगा स्टेडियम, 30 हजार दर्शकों के बैठने की क्षमता

गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का भूमिपूजन और शिलान्यास 16 मई 2026 को किया गया था। इसके बाद से निर्माण कार्य लगातार जारी है। मिट्टी भराई का कार्य पूरा हो चुका है, जबकि पाइलिंग का काम चल रहा है। सरकार ने इस परियोजना को 23 दिसंबर 2027 तक पूरा करने का लक्ष्य निर्धारित किया है। करीब 46 एकड़ क्षेत्र में विकसित होने वाले इस स्टेडियम में 30 हजार दर्शकों के बैठने की व्यवस्था होगी।

निर्माण के लिए वित्तीय संसाधनों की व्यवस्था

परियोजना के लिए पेट्रोलियम मंत्रालय ने अपने सीएसआर फंड से 100 करोड़ रुपये उपलब्ध कराने पर सहमति दी है। शेष राशि राज्य सरकार द्वारा वहन की जा रही है। निर्माण कार्य को गति देने के लिए राज्य सरकार पहली किस्त के रूप में 63 करोड़ 39 लाख रुपये की धनराशि स्वीकृत कर चुकी है।

सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच होंगी तैयार

स्टेडियम का निर्माण ग्राउंड प्लस टू फ्लोर मॉडल पर किया जा रहा है। मुख्य मैदान में खिलाड़ियों के लिए सात प्लेइंग पिच और चार प्रैक्टिस पिच बनाई जाएंगी। इसके अलावा खिलाड़ियों और दर्शकों के लिए विभिन्न सुविधाएं विकसित की जाएंगी।

रात्रिकालीन मुकाबलों के लिए लगेंगी हाईमास्ट फ्लडलाइट्स

स्टेडियम में अंतरराष्ट्रीय मानकों के अनुरूप चार हाईमास्ट फ्लडलाइट्स स्थापित की जाएंगी। इनके जरिए दिन और रात दोनों समय क्रिकेट मुकाबलों का आयोजन किया जा सकेगा।

क्रिकेट ढांचे के विस्तार पर जोर

खेल सचिव सुहास एल.वाई. ने कहा कि उत्तर प्रदेश में क्रिकेट से जुड़ी आधारभूत सुविधाओं का लगातार विस्तार किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि वाराणसी के अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम का निर्माण अंतिम चरण में है, जबकि गोरखपुर में काम जारी है और अयोध्या का स्टेडियम तैयार हो चुका है। लखनऊ के इकाना स्टेडियम में भी नियमित रूप से बड़े क्रिकेट मुकाबले आयोजित हो रहे हैं।

खेल निदेशक आरपी सिंह ने कहा कि गोरखपुर अंतरराष्ट्रीय क्रिकेट स्टेडियम के निर्माण से क्षेत्र में खेल सुविधाओं का विस्तार होगा। साथ ही गोरखपुर और आसपास के जिलों में क्रिकेट समेत अन्य खेलों को बढ़ावा मिलेगा।

Related Articles

Back to top button