मध्य प्रदेशराज्य

इंदौर में आधी रात दादा पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला, पोती ने पीट-पीटकर की हत्या; पुराने गलत व्यवहार का लगाया आरोप

इंदौर: मध्य प्रदेश के इंदौर में आधी रात एक सनसनीखेज वारदात सामने आई है। स्कीम नंबर-155 में एक युवती ने अपने सगे दादा पर क्रिकेट बैट से ताबड़तोड़ हमला कर उनकी हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलते ही एरोड्रम थाना पुलिस मौके पर पहुंची और आरोपी पोती को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी।

पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि युवती अपने दादा के करीब 7-8 साल पुराने कथित गलत व्यवहार को लेकर लंबे समय से आक्रोशित थी। पुलिस के मुताबिक, इसी पुरानी घटना और मानसिक तनाव के चलते उसके मन में दादा के प्रति गुस्सा बना हुआ था।

देर रात बुलेट से दादा के घर पहुंची युवती

पुलिस के अनुसार, घटना देर रात करीब सवा दो बजे की है। मृतक अपनी पत्नी के साथ स्कीम नंबर-155 स्थित घर में रहते थे, जबकि आरोपी युवती महालक्ष्मी नगर में अपने माता-पिता के साथ रहती है।

घटना वाली रात युवती का अपने माता-पिता से किसी बात को लेकर विवाद हुआ था। इसके बाद वह गुस्से में अपनी बुलेट मोटरसाइकिल से सीधे दादा-दादी के घर पहुंची। उस समय दोनों घर के अंदर सो रहे थे।

घर में दाखिल होने के बाद युवती ने पास रखा क्रिकेट बैट उठाया और सो रहे दादा के सिर और शरीर पर कई वार कर दिए। हमले में वह गंभीर रूप से घायल हो गए और मौके पर ही उनकी मौत हो गई।

पुलिस पूछताछ में सामने आई 7-8 साल पुरानी बात

जोन के डीसीपी नरेंद्र रावत के अनुसार, घटना की सूचना मिलने के बाद पुलिस टीम मौके पर पहुंची। शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया गया और आरोपी पोती को हिरासत में ले लिया गया।

पूछताछ के दौरान युवती ने पुलिस को बताया कि करीब 7-8 साल पहले उसके दादा ने उसके साथ गलत व्यवहार किया था। युवती के मुताबिक, उस घटना और कथित प्रताड़ना को लेकर वह लंबे समय से मानसिक तनाव में थी और दादा के प्रति उसके मन में गहरा आक्रोश था।

पुलिस के अनुसार, देर रात माता-पिता से हुए विवाद के बाद उसका गुस्सा और बढ़ गया। इसके बाद वह दादा के घर पहुंची और क्रिकेट बैट से हमला कर दिया।

पारिवारिक पृष्ठभूमि और फॉरेंसिक जांच जारी

पुलिस आरोपी युवती से घटना को लेकर लगातार पूछताछ कर रही है। जांच में वारदात के पूरे घटनाक्रम, पारिवारिक पृष्ठभूमि और युवती द्वारा बताए गए पुराने आरोपों से जुड़े सभी पहलुओं को शामिल किया जा रहा है। पुलिस मामले की फॉरेंसिक जांच भी कर रही है।

Related Articles

Back to top button