
नवादा: बिहार के नवादा जिले में पोती के साथ छेड़खानी का विरोध करना एक दादी के लिए जानलेवा साबित हुआ। हिसुआ थाना क्षेत्र के तुंगी बाजार स्थित डाक स्थान दो मुहानी के पास गुरुवार को सफेद रंग की बोलेरो से आए कुछ युवकों ने 18 वर्षीय युवती के साथ कथित तौर पर छेड़खानी और मारपीट की। आरोप है कि युवती को जबरन बोलेरो में बैठाने की कोशिश की गई। दादी ने इसका विरोध किया तो युवकों ने तेज रफ्तार में बोलेरो चलाकर उन्हें कुचल दिया। घटना में महिला की मौके पर ही मौत हो गई।
मृतका की पहचान लटावर निवासी नवल सिंह की 55 वर्षीय पत्नी विद्या देवी के रूप में हुई है। घटना के बाद आक्रोशित ग्रामीणों ने दोषियों की गिरफ्तारी और पीड़ित परिवार को मुआवजा देने की मांग को लेकर एनएच 82 गया-नवादा मार्ग को करीब चार घंटे तक जाम रखा। इससे सड़क के दोनों ओर वाहनों की लंबी कतार लग गई और आवागमन प्रभावित रहा।
पोती को जबरन बोलेरो में बैठाने की कोशिश का आरोप
जानकारी के मुताबिक विद्या देवी अपनी 18 वर्षीय पोती के साथ खरीदारी के लिए तुंगी बाजार गई थीं। इसी दौरान सफेद रंग की बोलेरो में सवार कुछ युवक वहां पहुंचे। आरोप है कि युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी करने की कोशिश की और उसके साथ मारपीट की। इसके बाद उसे जबरन बोलेरो में बैठाने का प्रयास किया गया।
दादी ने जब इसका विरोध किया तो आरोप है कि बोलेरो सवार युवक तेज रफ्तार में वाहन लेकर भागने लगे और विद्या देवी को कुचल दिया। आसपास मौजूद लोगों की मदद से उन्हें सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचाया गया, जहां चिकित्सकों ने मृत घोषित कर दिया।
लोगों ने पीछा कर बोलेरो पकड़ी, आरोपी फरार
घटना के बाद स्थानीय लोगों ने बोलेरो का पीछा कर उसे पकड़ लिया, लेकिन उसमें सवार सभी युवक मौके से फरार हो गए। पुलिस ने बोलेरो को जब्त कर लिया है। वाहन तुंगी चक निवासी सौरभ चौधरी के नाम से पंजीकृत बताया गया है।
घटना के बाद बड़ी संख्या में लोग तुंगी दो मुहानी के पास एनएच 82 पर जमा हो गए और सड़क जाम कर दिया। सूचना मिलने पर हिसुआ थानाध्यक्ष मृत्युंजय पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे और लोगों को समझाने का प्रयास किया।
दोषियों की गिरफ्तारी और मुआवजे की मांग पर अड़े ग्रामीण
दादी की हत्या से ग्रामीणों में काफी आक्रोश था। प्रदर्शन कर रहे लोगों ने घटना में शामिल युवकों को तत्काल गिरफ्तार करने और पीड़ित परिवार को आर्थिक मुआवजा देने की मांग की। पुलिस अधिकारियों ने लोगों को कार्रवाई का भरोसा दिलाया, जिसके बाद करीब चार घंटे की मशक्कत के बाद जाम समाप्त कराया जा सका।
घटना की सूचना मिलने पर कई वरीय अधिकारी भी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने मामले में आवेदन के आधार पर कार्रवाई की बात कही है।
डीएसपी ने कहा, आवेदन के आधार पर होगी कार्रवाई
सदर एसडीपीओ-2 सुरेश प्रसाद ने कहा कि लोगों का आरोप है कि कार सवार कुछ युवकों ने युवती के साथ छेड़खानी की। विरोध करने पर दादी को वाहन से कुचलकर मार दिया गया। उन्होंने कहा कि आवेदन के आधार पर कार्रवाई की जाएगी।
शराब के धंधे से जुड़े होने का स्थानीय लोगों का दावा
स्थानीय लोगों का आरोप है कि बोलेरो में सवार सभी युवक तुंगी चक के रहने वाले हैं और कथित तौर पर शराब के धंधे से भी जुड़े हुए हैं। ग्रामीणों का कहना है कि इलाके में इन युवकों का खौफ है। हालांकि, इन आरोपों की पुलिस स्तर से पुष्टि होना अभी बाकी है।



