उत्तर प्रदेश

‘वह नौजवान था, कुछ करना चाहता था’ — प्रतीक यादव के निधन पर भावुक हुए अखिलेश यादव, बोले- परिवार के लिए अपूरणीय क्षति

लखनऊ: समाजवादी पार्टी के संस्थापक मुलायम सिंह यादव के छोटे पुत्र प्रतीक यादव के निधन से यादव परिवार सहित पूरे राजनीतिक गलियारे में शोक की लहर है। किंग जॉर्ज मेडिकल यूनिवर्सिटी (KGMU) के पोस्टमार्टम हाउस पहुंचे सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव इस दौरान बेहद भावुक नजर आए और उन्होंने अपने भाई को याद करते हुए कई बातें साझा कीं।

पत्रकारों से बातचीत में अखिलेश यादव ने कहा कि प्रतीक यादव का जाना परिवार के लिए बहुत बड़ी क्षति है। उन्होंने कहा, “वह नौजवान था। बचपन से ही अपने स्वास्थ्य के प्रति जागरूक रहता था और जीवन में आगे बढ़ना चाहता था। वह बहुत अच्छा लड़का था, जो मेहनत से कुछ करना चाहता था। बहुत दुखद है कि वह अब हमारे बीच नहीं है।”

‘दो महीने पहले हुई थी आखिरी मुलाकात’

अखिलेश यादव ने बताया कि उनकी प्रतीक से आखिरी मुलाकात करीब दो महीने पहले हुई थी। उस समय भी उन्होंने उसे अपने स्वास्थ्य का ध्यान रखने और कारोबार को आगे बढ़ाने की सलाह दी थी।

उन्होंने कहा कि कई बार आर्थिक और व्यवसायिक दबाव भी व्यक्ति को प्रभावित करते हैं और इससे वह टूट जाता है, लेकिन इस दुखद स्थिति को लेकर परिवार पूरी तरह सदमे में है।

कानूनी प्रक्रिया के अनुसार होगी आगे की कार्रवाई

पोस्टमार्टम और आगे की कार्रवाई को लेकर पूछे गए सवाल पर अखिलेश यादव ने कहा कि जो भी कानूनी प्रक्रिया होगी, वही अपनाई जाएगी। उन्होंने कहा कि परिवार जो भी निर्णय लेगा, उसी के अनुसार आगे कदम उठाया जाएगा।

उन्होंने कहा, “आज की तारीख को कोई बदल नहीं सकता। वह हमारे बीच नहीं है, जो परिवार तय करेगा, वही हम करेंगे।”

सुबह सिविल अस्पताल लाया गया था शव

जानकारी के अनुसार, 38 वर्षीय प्रतीक यादव को बुधवार सुबह करीब 6 बजे लखनऊ के सिविल अस्पताल लाया गया था, जहां डॉक्टरों ने उन्हें मृत घोषित कर दिया। उनकी मौत के कारणों की पुष्टि पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही हो सकेगी।

प्रतीक यादव रियल एस्टेट और फिटनेस से जुड़े कारोबार में सक्रिय थे। वह भाजपा नेता अपर्णा यादव के पति भी थे।

राजनीतिक और सामाजिक जगत में शोक की लहर

उनके निधन के बाद राजनीतिक और सामाजिक क्षेत्र के कई नेताओं ने शोक व्यक्त किया है। यादव परिवार में गहरा दुख का माहौल है और सभी लोग इस अचानक हुई घटना से स्तब्ध हैं।

Related Articles

Back to top button