उत्तर प्रदेशमेरठराज्य

पश्चिम यूपी में झमाझम बारिश से मौसम हुआ सुहाना, गर्मी और उमस से मिली राहत

बारिश के बीच कुछ जिलों में तेज बौछार की संभावना है।

Meerut News: मेरठ समेत पूरे पश्चिम यूपी में मानसून की जोरदार बारिश मंगलवार को हुई। खबर लिखे जाने तक बारिश पूरे जोर पर थी। मेरठ, गाजियाबाद, मुजफ्फरनगर, शामली, बागपत, बिजनौर, हापुड और बुलंदशहर में बारिश हो रही है। बारिश से मौसम सुहाना हो गया। मानसूनी बारिश से लोगों को गर्मी और उमस से राहत मिली है। मौसम वैज्ञानिक का कहना है कि मानसून की ये बारिश फसलों के लिए लाभकारी है। मौसम वैज्ञानिक डॉक्टर सूरज देव ने अगले दो दिन तक बारिश की संभावना जताई है।
बारिश से बदला मौसम का मिजाज
मेरठ में हुई झमाझम बारिश ने मौसम का मिजाज बदल दिया। कई दिन से तेज धूप और बादलों की लुका-छिपी के बीच उमस भरी गर्मी से लोग परेशान थे। लेकिन दोपहर बाद अचानक हुए मौसम में बदलाव से लोगों को भीषण गर्मी और उमस से राहत मिली है। बारिश के कारण जिले के तापमान में गिरावट दर्ज की गई है।
बारिश से किसानों के चेहरे खिले
किसान मानसूनी बारिश का इंतजार कर रहे थे। मानसूनी बारिश किसानों के लिए किसी वरदान से कम नहीं है। इस बारिश से खरीफ फसलों की तैयारियों में मदद मिलेगी। मौसम वैज्ञानिक डॉ. सूरज देव ने बताया कि वातावरण में नमी की अधिकता के चलते स्थानीय मौसमी परिस्थितियों के बीच बारिश हुई है। उन्होंने बताया कि अगले 24 से 48 घंटों के दौरान जिले और आसपास के इलाकों में मध्यम बारिश की संभावना बनी हुई है। बारिश के बीच कुछ जिलों में तेज बौछार की संभावना है। उन्होंने लोगों से जलभराव वाले क्षेत्रों में सावधानी बरतने की अपील की है।
बारिश से तापमान में गिरावट
बारिश से तापमान में और गिरावट आई है। जिससे उमस से राहत मिली है। मंगलवार को बारिश ने गर्मी से परेशान लोगों को राहत देने के साथ मानसून के सक्रिय होने के संकेत दिए हैं। मेरठ का अधिकतम तापमान 36 डिग्री सेल्सियस और न्यूनतम तापमान 27 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया। बारिश के बीच एयर क्वालिटी इंडेक्स 130 रहा।

Related Articles

Back to top button